सोनपुर की सरिता हत्याकांड के मुख्य आरोपी सत्येंद्र की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अब दो अन्य आरोपियों के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया है. ढोल नगाड़े के साथ सोनपुर के हरिहरनाथ थाने की पुलिस वैशाली के करताहां थाना इलाका स्थित जगदीशपुर गांव पहुंची, जहां मुख्य आरोपी सत्येंद्र के घर पर नोटिस चस्पा किया गया. वहीं गांव की ही एक अन्य महिला रीना देवी के घर पर भी नोटिस चस्पा किया गया. साथ ही गांव के लोगों से आरोपियों की सूचना देने की भी अपील की. दरअसल, इस हत्याकांड में सत्येंद्र की मां दुलारी देवी और सत्येंद्र की महिला मित्र रीना देवी का नाम भी प्राथमिकी में दर्ज है. हालांकि इस हत्याकांड में अभी तक मुख्य आरोपी सत्येंद्र और दरोगा संतोष रजक सहित 6 लोगो की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन सत्येंद्र की मां दुलारी और रीना की गिरफ्तारी नहीं हुई है. इसे लेकर यह कार्रवाई की गई है.










