भाजपा की सभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सपा-बसपा की सरकारों में मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे और उन्हें जेल जाना पड़ा। भाजपा के किसी भी मंत्री पर कोई भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है। पहले केंद्र से आया पैसा बीच में ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था, लेकिन आज प्रधानमंत्री पैसा भेजते हैं तो ऑनलाइन किसान निधि के रूप में खाते में पहुंचता है वहीं अन्य योजनाओं के लिए भी इसी तरह का सिस्टम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बनाया है।
देश को स्वावलंबी बनाने का काम कर रही है भाजपा सरकार’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमने जो भी कहा वह करके दिखाया है। भारत का विभाजन नहीं होना चाहिए इसी संकल्प को लेकर हम काम कर रहे हैं। जम्मू-कश्मीर को उसका हक दिलाया। जिस संकल्प को लेकर हम जनता के बीच आए उसी संकल्प के तहत श्रीराम मंदिर बन रहा है। काशी का विकास हो रहा है। भाजपा कभी हिंदू मुस्लिम की राजनीति नहीं करती यह जनता जान चुकी है। देश तोड़ने के लिए राजनीति नहीं की जानी चाहिए। देश बनाने के लिए राजनीति करनी चाहिए। रक्षा मंत्री ने कहा कि पहले अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को बोलने नहीं दिया जाता था लेकिन आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान बढ़ा है। पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की और आतंकवादियों को मारा। राहुल गांधी ने देश के सैनिकों का का मनोबल गिराने का काम किया है। भारत को स्वावलंबी बनाने का काम भाजपा सरकार कर रही है। इसकी नींव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी है। उन्होंने सपा पर प्रहार करते हुए कहा कि लाल टोपी वालों से प्रदेश को बचाना होगा।