बेंगलुर भगदड़ मामले को लेकर लगातार बयानबाजी हो रही है. अब कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भगदड़ मामले को लेकर कहा कि जांच के आदेश दे दिए गए हैं, मामला दर्ज कर लिया गया है, लोगों को सस्पेंड कर दिया गया है. साथ ही कहा कि उनकी सरकार बेंगलुरु भगदड़ मौत मामले को लेकर हरसंभव प्रयास कर रही है. इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई थी, उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार पत्रकारों और अधिकारियों के समूह से घिरे हुए थे. उन्होंने कहा, “विपक्षी दल तत्काल न्यायिक जांच की मांग कर रहा था. मेरे माननीय मुख्यमंत्री ने न्यायिक जांच की घोषणा की है.” साथ ही उन्होंने कहा, “कुछ जांच चल रही हैं. वित्तीय जांच, न्यायिक जांच. सरकार और क्या कर सकती है. सरकार ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया है.” इस सप्ताह की शुरुआत में आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की खिताबी जीत का जश्न मनाने के लिए हजारों की संख्या में लोग उमड़े थे. इस दौरान बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई और ग्यारह लोगों की मौत हो गई. इस घटना के बाद बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त सहित कई पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया था. वहीं सिद्धारमैया के राजनीतिक सचिव को हटाया गया है. वहीं इंटेलीजेंस विभाग के प्रमुख का ट्रांसफर कर दिया गया.










