कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि वे विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सरकारी मशीनरी और केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करके राजनीतिक पार्टियों और लोगों को डरा-धमका रहे हैं।
मैंने कभी यह नहीं कहा कि वे एक आतंकवादी हैं- खरगे
खगरे ने कहा, ‘वे लोगों और राजनीतिक पार्टियों को डरा-धमका रहे हैं। मैंने कभी यह नहीं कहा कि वे एक आतंकवादी हैं। डराने-धमकाने का मतलब है, वे अपनी शक्ति और सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं और विपक्षी पार्टियों को गालियां दे रहे हैं, उन पर झूठे आरोप लगा रहे हैं।
केंद्रीय एजेंसियों को औजार के रूप में इस्तेमाल कर रही सरकार- खरगे
कांग्रेस प्रमुख ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग, बीजेपी कार्यालय का ही एक विस्तार बन गया है और उन्होंने प्रधानमंत्री पर चुनाव प्रचार के अंतिम चरणों में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों को राजनीतिक कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने के औजारों के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।
बीजेपी सांसद ने कहा कि यह कोई स्लिप ऑफ टंग नहीं है। और यदि वे सफाई दे रहे हैं तो यह जानबूझ कर किया गया कांग्रेस का षडयंत्र है। आप कुछ दिनों से देख रहे होंगे कि राहुल गांधी और कांग्रेस के तमाम नेता, किस प्रकार की अभद्र टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए कर रहे हैं। हर दिन राहुल गांधी अपनी रैलियों में प्रधानमंत्री के साथ ‘तू-तड़ाक’ वाला व्यवहार करते हैं।
संबित पात्रा ने कहा कि आज तो हद ही हो गई, जब राहुल गांधी के कहने पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री को आतंकवादी कह दिया। ये वही कांग्रेस पार्टी है जो ओसामा बिन लादेन को आसोमा जी कहती है, ये वही कांग्रेस पार्टी है, जो बड़े-बड़े आतंकवादियों के साथ खड़ी नजर आती है। मगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहती है।










