दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के केंद्रीय कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था में आतंकी धमकी मिलने के बाद वृद्धि कर दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील इलाके में अतिरिक्त जवान तैनात कर दिए हैं।
कार्यालय के आसपास बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई है और सीसीटीवी निगरानी को भी सख्त कर दिया गया है। वहीं, भाजपा नेताओं का कहना है कि एक कारण यह भी है कि बंगाल में शपथग्रहण के बाद यहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि विपक्ष यहां पर प्रदर्शन न कर सके।
सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जा रही
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में मिली खुफिया जानकारी में भाजपा कार्यालय को निशाना बनाने की संभावना जताई गई थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत सजग हो गईं।
इस दौरान बीजेपी कार्यालय में आने-जाने वाले सभी लोगों की चेकिंग अब और अधिक सख्त कर दी गई है।
आसपास के इलाकों में भी गश्त बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धमकी की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा के सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी।
दिल्ली में किन स्थानों पर बढ़ी तैनाती
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में सुरक्षा इनपुट्स के आधार पर आतंकी अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद भाजपा के मुख्यालय और आसपास की सरकारी इमारतों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। एजेंसियों को आशंका है कि डीडीयू मार्ग स्थित कार्यालयों को आत्मघाती हमले, कार बम, गोलीबारी और आईईडी के जरिए निशाना बनाया जा सकता है।
विपक्ष को रोकने के लिए किए गए इंतजाम
वहीं, भाजपा नेताओं का कहना है कि बंगाल में शपथग्रहण को ध्यान में रखकर पुलिस बैरिकेड लगाकर पहले की तुलना में अधिक पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं ताकि विपक्ष यहां प्रदर्शन न कर सके।










