बंगाल में असम मॉडल अपनाएगी भाजपा, सीएम सुवेंदु बोले- ‘अवैध घुसपैठियों पर होगी सख्त कार्रवाई’

बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को अवैध घुसपैठ के खिलाफ असम की तर्ज पर सख्त कार्रवाई करने का संकेत दिया। उन्होंने सीमा पर कड़ी निगरानी, बांग्लादेश सीमा पर तेजी से बाड़ लगाने और पीएम नरेंद्र मोदी के पूर्वोदय अभियान के तहत BJP-शासित पूर्वी राज्यों के बीच बेहतर तालमेल का वादा किया।

असम में सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के दूसरे कार्यकाल के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान यह बातें उन्होंने कही। इसके साथ ही सीएम सुवेंदु ने असम और त्रिपुरा को बंगाल की सुरक्षा और राजनीतिक रणनीति के लिए एक मिसाल के तौर पर पेश किया। उन्होंने आगे कहा, “देश के हित में असम और त्रिपुरा में जिस तरह का काम किया गया है, अब BJP बंगाल में भी वैसा ही काम करेगी।”

असम की तरह सीमा सुरक्षा को करेंगे मजबूत : सुवेंदु

इस तरह उन्होंने असम की सीमा सुरक्षा रणनीति को बंगाल के लिए BJP के रोडमैप से जोड़ने का काम किया। उन्होंने कहा, “असम की तरह ही, हम भी अवैध घुसपैठियों से निपटने और बांग्लादेश सीमा पर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएंगे।”

पिछली TMC सरकार पर निशाना साधते हुए अधिकारी ने आरोप लगाया कि उन्होंने तुष्टीकरण की राजनीति के जरिए सीमा सुरक्षा को कमजोर किया और बांग्लादेश सीमा के उन हिस्सों पर बाड़ लगाने के लिए BSF को जरूरी जमीन सौंपने में नाकाम रही, जहां अभी तक बाड़ नहीं लगी है।

45 दिनों में BSF को मिलेगी जमीन

इससे कुछ घंटे पहले कोलकाता में अधिकारी ने घोषणा की थी कि उनकी सरकार ने सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोमवार को हुई पहली कैबिनेट बैठक के बाद उन्होंने कहा कि बाड़ लगाने के लिए जरूरी जमीन 45 दिनों के भीतर केंद्रीय गृह मंत्रालय को सौंप दी जाएगी।

गुवाहाटी में अधिकारी ने आर्थिक विकास और सुरक्षा तालमेल पर आधारित BJP के नेतृत्व वाले एक व्यापक पूर्वी गठबंधन का प्रस्ताव भी रखा। अधिकारी ने सरमा की विशेष तारीफ करते हुए उन्हें दादा, मार्गदर्शक, संकटमोचक और एक भरोसेमंद राजनीतिक सहयोगी बताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here