लुधियाना में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तत्काल प्रभाव से बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें लागू होने के बाद वाहन चालकों, ट्रांसपोर्ट कारोबारियों और उद्योग जगत पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ने की संभावना है।
बढ़ी हुई कीमतों का असर रोजमर्रा के खर्चों से लेकर माल ढुलाई और विभिन्न वस्तुओं की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है। नई दरों के अनुसार लुधियाना में पेट्रोल की कीमत 98.30 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 101.30 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।
यानी पेट्रोल में सीधे 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, डीजल की कीमत 88.10 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 91.04 रुपये प्रति लीटर हो गई है। डीजल पर करीब 2.94 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि दर्ज की गई है।
ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि डीजल की कीमत बढ़ने से माल ढुलाई महंगी हो सकती है। इसका असर बाजार में रोजमर्रा की वस्तुओं, खाद्य सामग्री और औद्योगिक उत्पादों की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
औद्योगिक नगरी लुधियाना में बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट गतिविधियां संचालित होती हैं, ऐसे में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर उद्योगों की लागत पर भी दिखाई देगा। उधर पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं और ग्राहकों को संशोधित कीमतों पर ही ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है।










