वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह और आईएआई के बीच की दलजीत सिंह कलसी कड़ी था। अजनाला थाना घेरने की सारी योजना का मास्टरमाइंड कलसी है। उसी ने विदेशों से 35 करोड़ जुटाए थे।
वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह के लिए फंड जुटाने वाला दलजीत सिंह कलसी वास्तव में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और अमृतपाल के बीच कड़ी के रूप में काम कर रहा था। कलसी अमृतसर का रहने वाला है। पाकिस्तान के विभिन्न देशों में स्थित महावाणिज्य दूातावासों में तैनात अधिकारियों से उसका संपर्क था।
विदेशों से फंडिग के लिए उसने स्टर्लिंग इंडिया एजेंसी नाम से अपनी एक कंपनी बनाई थी। इसके माध्यम से वह अब तक 35 करोड़ से अधिक की राशि मंगवा चुका है। इस राशि का बहुत सा हिस्सा अमृतपाल और उसकी जत्थेबंदी वारिस पंजाब दे के लिए खर्च कर चुका है। कलसी को पंजाब पुलिस ने गुरुग्राम से गिरफ्तार किया था।
कलसी से अलग-अलग एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं। विदेशों में बैठे खालिस्तान समर्थकों व अमृतपाल के बीच भी कलसी ही संपर्क का माध्यम था। दलजीत सिंह कलसी को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम की धारा 3 (2) के तहत गिरफ्तार किया गया है। वह अमृतपाल सिंह का प्रमुख सहयोगी व सलाहकार है।
20 अगस्त, 2022 को अमृतपाल के भारत आने के बाद कलसी को अमृतपाल के साथ कई बार देखा गया था। इतना ही नहीं अजनाला थाने पर हमले का मास्टरमाइंड भी कलसी ही है।