अरुणाचल की 11 जगहों के नाम बदलने पर चीन को भारत की दो टूक, कहा- हकीकत नहीं बदली

    चीन की इस गुस्ताखी पर भारत ने दो टूक जवाब दिया है। भारत ने कहा कि नाम बदलने से हकीकत नहीं बदल जाएगी। अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग था और आगे भी रहेगा।

    अरुणाचल प्रदेश पर अपना दावा करने वाला पड़ोसी देश चीन समय-समय पर भारत के खिलाफ कोई ना कोई पैंतरे अपनाता रहता है। अब चीन ने रविवार अरुणाचल प्रदेश के 11 जगहों के नाम बदल दिए। चीन की इस गुस्ताखी पर भारत ने दो टूक जवाब दिया है। भारत ने कहा कि नाम बदलने से हकीकत नहीं बदल जाएगी। अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग था और आगे भी रहेगा।

    ‘चीन की इस तरह की कोशिश पहली बार नहीं’ 

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब चीन ने इस तरह की कोशिश की हो, चीन पहले भी ऐसा कर चुका है, हम चीन के इस कदम को सिरे से खारिज करते हैं। उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि चीन भले ही अरुणाचल की जगहों का नाम बदले, लेकिन इससे हकीकत नहीं बदली जा सकती है।

    नक्शे में अरुणाचल से जुड़ी जगहों का नाम बदला

    दरअसल, चीन ने एक बार फिर अरुणाचल से जुड़ी जगहों का नाम अपने नक्शे में बदला है। चीन के नागरिक मामलों के मंत्रालय ने रविवार को अरुणाचल प्रदेश की 11 जगहों के नए नाम जारी किए। चीन अरुणाचल पर अपना दावा करता रहा है। मंत्रालय की ओर से रविवार को 11 जगहों के आधिकारिक नाम जारी किए गए, जिसमें दो भूमि क्षेत्र, दो आवासीय क्षेत्र, पांच पर्वत चोटियां और दो नदियां शामिल हैं।

    चीन ने इससे पहले अप्रैल 2017 और दिसंबर 2021 में भी अरुणाचल की कई जगहों के नाम बदल दिए थे। हालांकि, हर बार नाकामी मिली। भारत हमेशा से दोहराता आया है कि अरुणाचल हमारा अभिन्न अंग है और हमेशा रहेगा।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here