प्रेमी ने लड़की का शव लेने को पुलिस को दिया चकमा; फर्जी मां-बाप और बहन-बहनोई के जरिए आंखों में झाेंकी धूल

    बरेली से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां रहने वाले युवक पड़ोस की युवती को भगा ले गया था। दोनों हिमाचल में रहने लगे। अचानक युवती की तबीयत बिगड़ी तो वह उसे दिल्ली ले आया। यहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने युवती का शव देने से इनकार कर दिया। इस पर युवक ने अपने मां-बाप और बहन बहनोई को पुलिस के सामने अभिभावक बनाकर पेश किया और शव ले लिया।

    बरेली के रामगंगा नगर कॉलोनी से कथित तौर पर अगवा की गई लड़की की दिल्ली में मौत के बाद प्रेमी ने शव लेने को अपने माता-पिता व बहन-बहनोई को अभिभावक के तौर पर पेश कर दिया। अब हकीकत खुलने पर बिथरी पुलिस ने चारों को जेल भेज दिया है। प्रेमी व पूर्व ब्लॉक प्रमुख की प्रधान पत्नी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

    रामगंगा नगर कॉलोनी निवासी अलीशा को पड़ोसी युवक शिवा मई 2022 में ले गया था। तब घरवालों ने बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी। बिथरी पुलिस तब से इन आरोपियों की तलाश कर रही थी। अब पुलिस ने शिवा के चार परिजनों को जेल भेजा है। इनमें शिवा के चाचा अलीगंज के सूदनपुर गांव निवासी भगवान दास, मां मीना देवी, बिशारतगंज के नंदगांव निवासी बहनोई रमेश और बहन आशा शामिल हैं।

    पुलिस को सूदनपुर की प्रधान मिथलेश पत्नी धर्मपाल और शिवा की तलाश है। इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार ने बताया कि शिवा 11 माह पहले अलीना को हिमाचल भगा ले गया था। वहां उसका नाम अंशिका रखकर उससे शादी कर ली। कुछ दिन बाद अलीना की तबीयत खराब हो गई। शिवा उसे इलाज के लिए दिल्ली ले आया।

    30 जुलाई 2022 को नई दिल्ली स्टेशन पर उतरते ही अलीना बेहोश हो गई। जीआरपी ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद डाक्टरों ने अलीना का कोई पहचान पत्र न होने पर शव शिवा को देने से मना कर दिया। कहा कि शव अलीना के माता-पिता को ही देंगे।

    शिवा ने जानकारी अपनी बहन आशा, बहनोई रमेश, मां मीना और चाचा भगवानदास को दी। सभी ने योजना बनाकर ग्राम प्रधान सूदनपुर मिथलेश कुमारी से बात की। शिवा ने अपनी मां मीना और चाचा भगवानदास का अलीना उर्फ अंशिका के माता-पिता होने का प्रमाणपत्र बनवा लिया। उसे दिल्ली अस्पताल में देकर शव ले लिया और उसका दिल्ली में ही अंतिम संस्कार कर दिया।

    प्रधान के पति पर दर्ज हैं कई केस
    बिथरी चैनपुर। थाना पुलिस ने जानकारी की तो पता लगा कि प्रधान मिथलेश के पति धर्मपाल क्यारा ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। धर्मपाल सपा से कई साल तक जुड़े रहे। उनके खिलाफ अलीगंज थाने में कई केस दर्ज हैं। फिलहाल राजनीति से दूर हैं। बुधवार को पुलिस ने सूदनपुर गांव में प्रधान के घर दबिश दी तो पति-पत्नी दोनों ही भाग गए।

    बिथरी पुलिस काफी समय से अलीना की तलाश कर रही थी। अब जानकारी के आधार पर दिल्ली पुलिस से समन्वय करके कार्रवाई की गई है। बाकी आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here