अमेरिका में फिर गोलीबारी की घटना; चार लोगों की जान गई, कई के घायल होने की खबर

    गोलीबारी की घटना एक जन्मदिन की पार्टी में हुई। महगनी मास्टरपीस डांस स्टूडियों में बर्थडे की पार्टी चल रही थी, तभी ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। सूत्रों की मानें तो करीब 20 लोगों को गोली लगी है। हालांकि, फिलहाल सिर्फ चार की जान जाने की पुष्टि हुई है।

     

     

     

    संयुक्त राज्य अमेरिका में एक बार फिर फायरिंग की घटना हुई है। जानकारी के मुताबिक, अलबामा के डैडविल में शनिवार रात हुई गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई है। घटना में 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि गोलीबारी की घटना एक जन्मदिन की पार्टी में हुई। महगनी मास्टरपीस डांस स्टूडियों में बर्थडे की पार्टी चल रही थी, तभी ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। सूत्रों की मानें तो करीब 20 लोगों को गोली लगी है। हालांकि, फिलहाल सिर्फ चार की जान जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने अभी तक संदिग्ध को लेकर कोई भी जानकारी साझा नहीं की है।

    अलबामा कानून प्रवर्तन एजेंसी ने रविवार को कहा कि यह घटना शनिवार रात करीब 10:34 बजे डैडविल शहर में हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतकों में एक फिलस्टावियस डाउडेल था, जो हाई स्कूल फुटबॉल खिलाड़ी और जन्मदिन मनाने वाली लड़की का भाई था। फुटबॉल टीम के पादरी बेन हेस और कीनन कूपर भी पार्टी में मौजूद थे। ये गोलियां चलने के बाद वहां से भाग निकले। कूपर ने मीडिया को बताया कि गोलीबारी से पहले पार्टी में किसी के बीच कोई कहासुनी नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, कम से कम 15 किशोरों में से कई की हालत गंभीर है। अस्पताल के प्रवक्ता हेइडी स्मिथ ने कहा कि डैडविल के लेक मार्टिन सामुदायिक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराए गए 15 किशोरों में से छह का इलाज किया गया और उन्हें घर भेज दिया गया। नौ का इलाज किया जा रहा है। इनमें पांच की हालत गंभीर है और चार की हालत स्थिर बनी हुई है।

    इससे पहले 23 वर्षीय एक व्यक्ति ने 11 अप्रैल को लुइसविले बैंक में राइफल से अंधाधुंध गोलीबारी कर चार लोगों की हत्या कर दी थी। मृतकों में गवर्नर के करीबी दोस्त भी शामिल थे। बताया गया कि आरोपी खुद उसी बैंक का एक कर्मचारी था। पुलिस प्रमुख जैकलीन गिविन-विलारोएल ने हमलावर की पहचान कॉनर स्टर्जन (Connor Sturgeon) के रूप में की थी।

    लुइसविले मेट्रो पुलिस विभाग के उप प्रमुख पॉल हम्फ्रे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि यह घटना ओल्ड नेशनल बैंक में हुई। हमलावर बंदूकधारी को भी मार गिराया गया। घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि हमलावर ने खुद को मारा या अधिकारियों ने उसे गोली मारी।

    गोलीबारी की यह घटना इस साल देश में होने वाली 16वीं ऐसी घटना है जिसमें सामूहिक तौर पर लोगों की हत्या की गई। दो सप्ताह पहले ही टेनेसी प्रांत के नैशविले में एक ईसाई प्राथमिक विद्यालय में एक पूर्व छात्र द्वारा अंधाधुंध गोलीबारी कर तीन बच्चों और तीन वयस्कों की हत्या कर दी गई थी। उस राज्य के गवर्नर और उनकी पत्नी के मित्र भी उस गोलीबारी में मारे गए थे।

    NO COMMENTS

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Exit mobile version