प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानि, 4 अप्रैल को श्रीलंका की आधिकारिक यात्रा पर रवाना होंगे. यह यात्रा तीन दिन की होगी और 6 अप्रैल को समाप्त होगी. इस दौरे पर वह द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे. पिछले वर्ष दिसंबर में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके भारत आए थे, जहां दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई थी.अब इस यात्रा के दौरान दोनों नेता साझा भविष्य के लिए आपसी संबंधों की समीक्षा करेंगे और आगे की योजना तैयार करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार शाम आठ बजे कोलंबो पहुंचेंगे. वह कोलंबो के ताज समुद्र होटल में रुकेंगे, जहां उनकी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. होटल को विशेष रूप से सजाया गया है और प्रधानमंत्री की मेजबानी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. पीएम मोदी 5 अप्रैल को श्रीलंका के ऐतिहासिक स्वतंत्रता स्मारक हॉल का दौरा करेंगे. यह स्मारक श्रीलंका को 4 फरवरी 1948 को ब्रिटिश शासन से मिली स्वतंत्रता की याद में बनाया गया था.
