दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बने 100 दिनों से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को अब सरकारी बंगला अलॉट किया गया है. जैसे ही मुख्यमंत्री को बंगला अलॉट हुआ, आम आदमी पार्टी ने सवाल उठाते हुए बंगले को ‘माया महल’ करार दिया. दिल्ली में जब आम आदमी पार्टी की सरकार थी तब बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल के आवास को लेकर कई सवाल उठाए थे. केजरीवाल के बंगले को शीश महल नाम दे दिया गया था, लेकिन अब आम आदमी पार्टी के विधायक अनिल झा ने रेखा गुप्ता के आवास को लेकर सवाल खड़े किए हैं. आप का आरोप है कि चुनाव से पहले जो बीजेपी मुख्यमंत्री आवास को लेकर हल्ला मचाती थी, अब वही बीजेपी CM के लिए 30 कमरों वाले 2 बंगलों को मायामहल बना रही है. CM रेखा गुप्ता जी अब माया महल में रहेंगी. रेखा गुप्ता जी ने राजनिवास मार्ग पर अपने लिए 30 कमरों के 2 बंगले अलॉट करवाए हैं.विधायक अनिल झा ने कहा कि केंद्र और दिल्ली की सत्ता में काबिज भाजपा सादा जीवन-उच्च विचार की बात कहती थी. भाजपा के नेता बार-बार कहते रहे हैं कि राष्ट्रीय पुननिर्माण के संदर्भ में हमें अपने जीवन के आखिरी क्षण तक काम करना है. साधा जीवन के साथ आगे बढ़ना है, हमें मूल्य जीवन की राजनीति करनी है.
