त्रिनिदाद और टोबैगो की यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां एक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को संबोधित किया. उन्होंने बिहार की विरासत की चर्चा करते हुए यहां की प्रधानमंत्री कमला को ‘बिहार की बेटी’ बताया. पीएम मोदी ने कहा, ‘प्रधानमंत्री कमला जी के पूर्वज बिहार के बक्सर में रहा करते थे. कमला जी स्वयं वहां जाकर आई हैं. भारत के लोग इन्हें बिहार की बेटी मानते हैं. यहां मौजूद अनेक लोगों के पूर्वज बिहार से ही आए हैं.’ उन्होंने कहा, ‘बिहार की विरासत, भारत के साथ ही दुनिया का भी गौरव है. लोकतंत्र हो, राजनीति हो, कूटनीति हो, उच्च शिक्षा हो, बिहार ने अनेक विषयों में दुनिया को नई दिशा दिखाई है. मुझे विश्वास है 21वीं सदी में भी बिहार की धरती से नई प्रेरणाएं नए अवसर निकलेंगे.’










