बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 27 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. हत्या का आरोप मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी पर लगा है. पुलिस ने पत्नी को तो गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी अभी फरार है. पुलिस ने बताया कि मंगलवार शाम को युवक की गला रेतकर हत्या करने का मामला सामने आया था. मामले में पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है. मृतक का नाम मनोज कुमार है.बताया जा रहा है कि ये घटना मुजफ्फरपुर के दुर्गा स्थान मंदिर स्थित केपी पथ गली की है. मनोज की मां मुन्नी देवी ने अपनी बहू निशु कुमारी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.मनोज कुमार मक्खन साह चौक का रहने वाला था. वहीं पर उसकी पान की एक दुकान थी. मनोज और निशु की शादी 10 साल पहले हुई थी. दोनों की दो बेटियां- पायल और पल्लवी हैं. मनोज की मां मुन्नी देवी ने बताया कि उनकी बहू निशु का लंबे समय से ज्वैलरी की दुकान पर काम करने वाले एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों की जान-पहचान इंस्टाग्राम पर हुई थी. निशु अक्सर अपने प्रेमी के साथ वाली फोटो इंस्टाग्राम स्टोरी पर लगाती थी. ऐसी ही एक फोटो पर मनोज की नजर पड़ गई.










