बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने कोर्ट में पेशी के दौरान अपने वकील के माध्यम से एक लंबा और भावनात्मक संदेश दिया है. अपने संदेश में पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित राज्य सरकार के कई बड़े अधिकारियों और नेताओं का नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा वैचारिक राजनीति की है, कभी व्यक्तिगत हमला नहीं किया. नीतीश कुमार के हर अच्छे काम में साथ खड़े रहे. यहां तक कि जब बीजेपी और आरजेडी नीतीश कुमार की आलोचना कर रहे थे, तब भी वे उनके साथ थे.पप्पू यादव ने सवाल उठाया कि आखिर अचानक उन पर केस क्यों लगाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज सभी मामले आंदोलन और आचार संहिता से जुड़े हैं. कोई भी आपराधिक मामला नहीं है. फिर भी उन्हें बार-बार परेशान किया जा रहा है. उन्होंने याद दिलाया कि 2017 में छात्र आंदोलन की आवाज उठाने पर, फिर कोरोना काल में सरकार की कमियों पर सवाल करने पर और अब 2026 में फिर से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है.










