कॉमनवेल्थ गेम्स में जानिए छठे दिन भारत को क्या मिला?

ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए एक और यादगार दिन समाप्त हुआ. पैरा एथलेटिक्स में ऐतिहासिक गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतने के साथ-साथ लॉन्ग जम्प में एक और सिल्वर मेडल मिला.

वहीं, मुक्केबाज़ी में छह भारतीय मुक्केबाज़ सेमीफ़ाइनल में पहुँच गए, जिससे इस खेल में भारत के कम से कम 10 मेडल पक्के हो गए हैं.

पैरा एथलेटिक्स में दिलीप गावित ने पुरुषों की टी47 100 मीटर स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर भारत की अगुवाई की. वहीं मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनकाथ ने सिल्वर मेडल जीता. इससे इस स्पर्धा में भारत ने ऐतिहासिक गोल्ड-सिल्वर (1-2) स्थान हासिल किया. मुरली श्रीशंकर ने पुरुषों की लॉन्ग जंप में सिल्वर मेडल अपने नाम किया, जबकि अनिमेष कुजूर पुरुषों की 200 मीटर दौड़ के फाइनल में पहुंच गए.

इस बीच, तजिंदरपाल सिंह तूर और समरप्रीत सिंह पुरुषों की गोला फेंक स्पर्धा के फाइनल में पहुँच गए. वहीं संतोष कुमार तमिलरासन और यशस पालक्षा ने पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल के लिए क्वॉलिफाई किया.

गुरुवार को भी मुक़ाबले जारी रहेंगे. दो बार के ओलंपिक मेडस विजेता नीरज चोपड़ा समेत कई भारतीय एथलीट ग्लासगो में ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में एक बार फिर चुनौती पेश करेंगे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here