मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को जबलपुर को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। उन्होंने 362.31 करोड़ रुपये की लागत से तैयार ‘अमृत 1.0’ सीवेज परियोजना का शुभारंभ किया और कठौंदा, ललपुर तथा तेवर में स्थापित तीन आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का लोकार्पण किया। इसके साथ ही सिविल लाइन में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडर्न लॉन्ड्री और गुरंदी में 2.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए मत्स्य बाजार का भी उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को डिजिटल कार्ड वितरित किए। उन्होंने जबलपुर में फर्नीचर निर्माण क्लस्टर स्थापित करने तथा एक नए सांदीपनि विद्यालय की घोषणा भी की। कार्यक्रम के दौरान ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत 11 लाख पौधरोपण महाअभियान का शुभारंभ भी किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि देश के 80 करोड़ लोगों को नि:शुल्क राशन, पक्के मकान, शौचालय, हर घर जल योजना और आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। वहीं, पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से छोटे व्यापारियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए सहयोग की भावना से कार्य कर रही है।
