भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश चुनाव सहप्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपर्णा यादव का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा परिवार लगातार बड़ा हो रहा है। भाजपा सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए जितने काम किए हैं, उतना काम किसी भी सरकार में नहीं हुआ है। महिलाओं को स्वावलंबन, स्वाभिमान, सम्मान और सुरक्षा प्रदान की है। सपा नेताओं को भी पता है कि भाजपा सरकार में उनकी बहू-बेटियां भी सुरक्षित हैं।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि अपर्णा का भाजपा में आना इशारा करता है कि उत्तर प्रदेश में पिछले पांच वर्षों में योगी सरकार ने किस तरह से बहू-बेटी को सुरक्षा दी है। चूंकि, हाल ही में भाजपा छोड़ सपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी संघमित्रा मौर्य भी भाजपा से ही सांसद हैं, इसलिए अनुराग ठाकुर ने यह भी याद दिलाया और बोले कि स्वामी प्रसाद की बेटी हों या मुलायम सिंह यादव की बहू, यह उदाहरण सबके सामने है। दोनों ही भाजपा में अपने आप को सुरक्षित महसूस करती हैं।
बता दें कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव ने भाजपा का दामन थाम लिया है। बुधवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद पार्टी की सदस्यता ली और बोलीं कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यों से हमेशा प्रभावित रही हैं। मुलायम के समधी हरिओम यादव पहले ही भगवा खेमे में शामिल हो चुके हैं। मंगलवार को ही दिल्ली जा पहुंचीं अपर्णा ने बुधवार को भाजपा के केंद्रीय मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से भाजपा की सदस्यता ली।। नड्डा, शाह सहित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह और प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने उनका पार्टी में स्वागत किया।
मुलायम के साढ़ू बोले, अखिलेश ने बंधक बना रखे हैं नेताजी :
पुत्रवधु अपर्णा यादव और समधी हरिओम यादव के बाद सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के साढ़ू प्रमोद गुप्ता ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। लखनऊ में प्रदेश मुख्यालय में भाजपा की सदस्यता लेने के बाद उन्होंने सपा मुखिया पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि अखिलेश ने नेताजी (मुलायम) को बंधक बना रखा है। उन्हें बहुत रुलाया है। साथ ही दावा किया कि सपा के बीस विधायक उनके संपर्क में हैं और भाजपा अनुमति दे तो पार्टी में आने के लिए तैयार हैं। औरैया के बिधूना निवासी पूर्व विधायक प्रमोद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में आए हैं।