उत्तर प्रदेश को नंबर-1 बनाना ही हमारा संकल्प : योगी आदित्यनाथ

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले आतंकियों के मुकदमे वापस होते थे, उन्हें सुरक्षा दी जाती थी। आज यही माफिया मारे-मारे फिर रहे हैं। पहले नौकरी निकलते ही महाभारत काल दिखने लगता था। एक ही परिवार के चाचा-भतीजा, काका, मामा सभी वसूली के लिए निकल पड़ते थे। नियुक्तियों में जातिवाद-भाई भतीजा वाद होता था। वर्ष 2015 की सपा सरकार में डिप्टी कलेक्टर का रिजल्ट निकला तो 86 में से 56 लोगों के नाम एक ही विशेष जाति के आ जाते हैं। उन्होंने कहा कि फर्क साफ है। प्रदेश वही है, संसाधन वहीं हैं केवल सरकार बदली है। कहा कि जनता के बहुमूल्य सुझावों की मदद से यूपी को नंबर-1 बनाना ही हमारा संकल्प है।

    मुख्यमंत्री ने यह बातें बुधवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में यूपी नंबर-1 अभियान में सुझाव आपका संकल्प हमारा कार्यक्रम में आकांक्षा पेटी लांच करते हुए कहीं। 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रदेश के गांव व शहरी क्षेत्रों के 30 हजार स्थानों पर आकांक्षा पेटी रखेगी। जनता से आने वाले सुझावों से संकल्प पत्र तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने 2017 के चुनाव से पहले जो संकल्प पत्र जारी किया था, सरकार बनने पर सभी संकल्पों को हमने जीवन का व्रत मानकर पूरा किया। अब 2022 के लिए सुझाव आपका संकल्प हमारा के साथ हम फिर आए हैं। यह पहली सरकार है, जिसने 100 दिन, फिर छह महीने, एक वर्ष, दूसरे वर्ष, तीसरे वर्ष, चौथे वर्ष और फिर साढ़े चार वर्ष में अपना रिपोर्ट जारी किया।

    सोच ईमानदार हो तो काम दमदार
    मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार में एक करोड़ 71 लाख नौजवानों को रोजगार मिला है। प्रदेश में बड़े निवेश के कारण ढेर सारे रोजगार के रास्ते खुल चुके हैं। जहां विकास का कोई काम नहीं होता था वही प्रदेश सबसे ज्यादा एक्सप्रेस वे बना रहा है। मेडिकल कालेज बना रहा है। वाटर जलमार्ग तैयार कर रहा है। एयरपोर्ट बन रहे हैं। हमने पुलिस, शिक्षक सभी तरह की नियुक्ति की लेकिन कोई विवाद नहीं हुआ। जब सोच ईमानदार होती है तो काम भी दमदार होता है।
    वो गोली चलवाते थे, हमने किसानों की कर्जमाफी की
    उन्होंने कहा कि फर्क साफ है। पहले की सरकारें किसानों पर गोली चलाती थीं। हमने किसानों के लिए फसल ऋण माफी की घोषणा की थी। पहले आस्था के प्रतीकों का अपमान होता था। गोकशी होती थी, दंगे होते थे। हमारी सरकार आई तो अवैध स्लाटर हाउस बंद किए, गौ तस्करी रोकी। लगभग सात लाख गायों का संरक्षण किया। रिकार्ड मात्रा में क्रय केंद्रों की स्थापना और खरीद की। गन्ना किसानों के 10 वर्ष पुराने बकाए का भुगतान कराया। बंद चीनी मिलों को चालू कराया गया। पहले मां-बाप बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे। 2017 के बाद प्रदेश की हर बेटी सुरक्षित है।

    NO COMMENTS

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Exit mobile version