समाजवादी पार्टी बनती जा रही ‘समाप्त पार्टी’… केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश पर तंज

    उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी राज्य विधानसभा चुनावों में 300 से अधिक सीटें जीतेगी। भाजपा नेता ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा), जो कि चुनावी राज्य में प्राथमिक विपक्ष है, एक ‘समाप्त पार्टी’ में बदल रही है। उनकी यह प्रतिक्रिया मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव और प्रमोद गुप्ता की भाजपा में एंट्री के बाद आई है।

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्ट लोगों पर कार्रवाई का विरोध करती है, यह इंगित करती है कि वे भ्रष्टाचार के पक्ष में हैं। समाजवादी पार्टी एक ‘समाप्त पार्टी’ बनती जा रही है। मौर्य ने कहा कि वह सिराथू (कौशांबी) निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए खुश हैं।

    उनका बयान राज्य में भाजपा और सपा के बीच बड़े पैमाने पर राजनीतिक तनाव के बीच आया है, जिसमें दोनों दलों के कई प्रमुख नेताओं ने पाला बदल लिया है। इस लिस्ट में ताजा नाम मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव और बहनोई प्रमोद गुप्ता का है, जो क्रमश: बुधवार और गुरुवार को बीजेपी में शामिल हुए थे।

    उधर, भाजपा में शामिल होने के तुरंत बाद प्रमोद गुप्ता ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह समाजवादी विचारधारा का पालन नहीं कर रहे हैं और अपने पिता को कैद भी कर चुके हैं। भाजपा नेता हो चुके प्रमोद गुप्ता ने कहा ‘सपा माफियाओं और अपराधियों को पनाह दे रही है और ऐसी पार्टी में रहने का कोई मतलब नहीं है।’

    इससे पहले बुधवार को दिल्ली में अपर्णा यादव के भाजाप में शामिल होने के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश पर यह कहकर निशाना साधा कि वह अपने परिवार में भी असफल हैं। एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा कि वंशवाद या पारिवारिक राजनीति के मानदंडों को तोड़ते हुए अपर्णा ने भाजपा को चुना है जो राष्ट्रवाद के रास्ते पर चलती है।

    गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 10 फरवरी से 7 मार्च के बीच सात चरणों में होंगे और मतों की गिनती 10 मार्च को होगी। राज्य विधानसभा की 403 सीटों के लिए चुनाव होंगे। प्रदेश में सपा और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर की उम्मीद जताई जा रही है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here