दिल्ली में एमसीडी चुनाव टाले जाने पर बोले सीएम अरविंद केजरीवाल भाग गई भाजपा, जानिए और क्या कहा?

    दिल्ली में एमसीडी चुनाव टाले जाने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। अपने इंटरनेट मीडिया एकाउंट पर उन्होंने एक ट्वीट किया है। इस ट्वीट में उन्होंने दिल्ली नगर निगम चुनाव की सीटों को लेकर ये भी बताया कि यदि अभी चुनाव हो जाते तो आम आदमी पार्टी कितनी सीटें जीत जाती। ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा है कि भाजपा भाग गयी। MCD चुनाव टाल दिया, हार मान ली, दिल्ली वाले खूब ग़ुस्सा हैं। कह रहे हैं इनकी हिम्मत कि चुनाव ना करायें? अब इनकी ज़मानत ज़ब्त करायेंगे हमारे सर्वे में अभी 272 में से 250 सीट आ रहीं थीं। अब 260 से ज़्यादा आएँगी पर चुनाव आयोग को भाजपा के दबाव में नहीं आना चाहिए था।

    मालूम हो कि तीनों नगर निगमों के चुनाव के लिए दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने मतदान केंद्रों की सूची तैयार कर ली गई है। बुधवार को दिल्ली के तीनों नगर निगमों के चुनाव का बिगुल बजना तय कहा जा रहा था। इसके लिए दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने अपनी तरफ ने सभी तैयारी पूरी भी कर ली थी। ये कहा जा रहा था कि दोपहर बाद चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। मगर दोपहर में राज्य चुनाव आयुक्त एसके श्रीवास्तव की ओर से कहा गया कि चूंकि केंद्र सरकार ने कुछ ऐसे मुद्दे उठाए हैं जिनकी कानूनी रूप से हमारे द्वारा जांच की जानी बाकी है, हम अभी एमसीडी चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं कर पाएंगे। हमें कुछ और दिन लगेंगे। हमें 18 मई से पहले चुनाव कराना है। समाचार एजेंसी एएनआइ की ओर से ट्वीट करके ये जानकारी भी दी गई।

    निगम चुनाव टाले जाने पर डिप्टी सीएम मनीष सिसाेदिया ने भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि आज का दिन बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण दिन है। आज का दिन लोकतंत्र की हत्या का दिन बन गया है। आज चुनाव आयोेग ने भाजपा के इशारे पर दिल्ली नगर निगम चुनाव की घोषणा करने से मना कर दिया। जबकि इसके लिए पूर्व निर्धारित हो चुका था, मगर केंद्र सरकार ने दबाव बनाया और चुनाव टाल दिया गया है। भाजपा निगम चुनाव को लेकर डर गई है। उसे हार का डर सता रहा है। भाजपा को पता है कि आप की 272 में से 250 सीटें आ रही हैं। चुनाव टाले जाने से जनता में गुस्सा है। जनता इसका जवाब देगी।

    उल्लेखनीय है कि 23 फरवरी को स्थानीय निर्वाचन अधिकारी कार्यालयों में सभी 272 वार्डों के मतदान केंद्र व मतदान बूथों की ड्राफ्ट सूची जारी की गई थी। ताकि किसी तरह की खामी होने पर उसमें संशोधन किया जा सके। पिछले नगर नगर निगम चुनाव में 13 हजार मतदान बूथ बनाए गए थे। इस बार कोरोना के मद्देनजर 15,300 मतदान बूथ बनाए गए हैं। किसी भी केंद्र पर 1350 से अधिक मतदाता नहीं होंगे। पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार करीब 2300 मतदान बूथ अधिक बनाए गए हैं।

    NO COMMENTS

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Exit mobile version