प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि देश में खेल संस्कृति के जितनी बढ़ेगी, भारत की ‘सॉफ्ट पावर’ उतनी ही बढ़ेगी और उनकी सरकार 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के सपने को ध्यान में रखते हुए खेल के बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण पर ध्यान केंद्रित कर रही है. प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि इस साल के लिए 4 हजार करोड़ रुपये के खेल बजट का एक बड़ा हिस्सा इस उद्देश्य के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है. क्योंकि सरकार देश में दुनिया की सबसे बड़ी प्रतियोगिता लाने के लिए दृढ़ है.मोदी ने ये टिप्पणियां बिहार में खेलो इंडिया युवा खेलों के सातवें चरण के वर्चुअल उद्घाटन के दौरान कहीं जिसका आयोजन चार से 15 मई तक राज्य के 5 शहरों में किया जाएगा. नयी दिल्ली में भी कुछ स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी.










