उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग चल रही है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले वोट किया. पीएम मोदी के बाद तमाम राज्यसभा और लोकसभा सदस्य अपना वोट डाल रहे हैं. इस चुनाव को गोपनीय बनाने के लिए एक खास तरह की स्याही का इस्तेमाल किया जाता है. इसी स्याही वाली पेन से सांसद वोट कर सकते हैं. लोकसभा की पूर्व महासचिव स्नेहलता श्रीवास्तव ने इसे लेकर पूरी जानकारी दी है. आइए जानते हैं कि उपराष्ट्रपति चुनाव में वोटिंग का पूरा प्रोसेस क्या होता है. उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए एक खास पेन का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे सांसद अपने पसंद के उम्मीदवार को वोट करते हैं. लोकसभा की पूर्व महासचिव स्नेहलता श्रीवास्तव ने बताया कि पेन में एक विशेष प्रकार की स्याही होती है. यह इसलिए इस्तेमाल किया जाता है, ताकि वोट की गोपनीयता भंग न हो जाए. सभी एक तरह के इंक और पेन से निशान लगाएंगे तो यह बात किसी को पता नहीं चल पाएगी कि किसने किसको वोट दिया है. चुनाव आयोग की तरफ से इस विशेष पेन से वोटिंग की व्यवस्था की गई है. अगर कोई उस पेन का इस्तेमाल नहीं करता है तो वह वोट अमान्य हो जाता है.










