मलयालम अभिनेता मणियानपिल्ला राजू एक हिट-एंड-रन मामले में फंसते नजर आ रहे हैं. राजू पर केरल के तिरुवनंतपुरम में गुरुवार को एक हिट-एंड-रन घटना में शामिल होने का आरोप है. इस दुर्घटना में दो युवक घायल हो गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अभिनेता की कार ने कथित तौर पर त्रिवेंद्रम क्लब के पास दो युवकों को ले जा रही मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और फिर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद, राजू करीब दस घंटे तक लापता रहे थे. पुलिस ने दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना गुरुवार रात करीब 9.30 बजे वेल्लायंबलम-वझुथक्कड़ रोड पर त्रिवेंद्रम क्लब के सामने हुई. दुर्घटना के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जिसमें एक का पैर टूट गया है, जबकि दूसरे का रीढ़ की हड्डी में चोट का इलाज चल रहा है. घायलों की पहचान तिरुवनंतपुरम निवासी 20 साल के सूरज और निदेव के रूप में हुई है.
