समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम को लेकर बड़ा दावा करने के साथ भारतीय जनता पार्टी पर भी जोरदार कटाक्ष किया है। अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय पर मीडिया को संबोधित करने के साथ यूपी बोर्ड की परीक्षा के टॉपर्स को भी सम्मानित किया।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल के चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि बंगाल के चुनाव में भाजपा की दाल नहीं गलेगी। चार मई को जब परिणाम आएगा तो भाजपा की जमानत जब्त हो जाएगी। इसके बाद तो पूरी भाजपा धरने पर बैठेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले आग लगाना बंद करें तो बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि सुना है कोई आग लगाते हुए इनको कोई नेता जल गया। इन्हें पुतला भी बनाना नहीं आता है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर कहा कि इनकी सरकार पूरी तरह फेल है और गाजीपुर में सरकार के इशारे पर समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल पर पथराव हुआ।
अखिलेश यादव ने कहा कि अब तो सपा का प्रतिनिधिमंडल फिर गाजीपुर जाएगा, जिसका नेतृत्व राम आसरे विश्वकर्मा और सीमा राजभर करेंगी। उन्होंने गाजीपुर के पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का भी ऐलान किया। इसके साथ ही आरोप लगाया कि असली आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हो रही, जबकि सपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के इशारे पर हमारे लोगों के साथ व्यवहार बहुत खराब हुआ है। सरकार और बीजेपी के लोग इसमें शामिल हैं। बीजेपी नहीं चाहती कि हम पीडीए समाज के लोगों के साथ खड़े हो उनको न्याय दिलाएं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के प्रोफेसरों का आभार जताते हुए सौ वर्ष के इतिहास पर आधारित कॉफी टेबल बुक की सराहना की और कहा कि डिजिटल दौर में भी किताबों की अहमियत बनी हुई है। प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों, हरदोई और प्रतापगढ़ की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार को घेरा।
उन्होंने कहा कि लगातार यूपी में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ घटनाएं बढ़ी है। इसलिए बढ़ी हैं क्योंकि मुख्यमंत्री जी यहां पर रुकते ही नहीं है। उनके साथ ही सब कहीं चले जाते हैं। आखिरकार जो सरकार दावा करती थी, महिला सुरक्षा की, वो क्यों खोखली साबित हो रही है।
अखिलेश यादव ने वादा किया कि सपा सरकार बनने पर गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे में किया जाएगा और बुनकर समाज के लिए भी बड़े फैसले लिए जाएंगे। हमने सबसे बड़ा फैसला लिया है, अक्सर ये देखते हैं कि उत्तर प्रदेश का किसान अपने भुगतान के लिए परेशान रहता है।
