Home देश बंगाल चुनाव में ड्यूटी के दौरान झारखंड पुलिस के जवान की मौत,...

बंगाल चुनाव में ड्यूटी के दौरान झारखंड पुलिस के जवान की मौत, परिजनों ने बीमार हालत में काम करवाने का लगाया आरोप

झारखंड के पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के पंचपोखरी गांव निवासी झारखंड सशस्त्र पुलिस के जवान परशुराम कुमार सिंह (46) की चुनाव ड्यूटी के दौरान पश्चिम बंगाल में मौत हो गई।

विभागीय जानकारी के अनुसार, उनकी मृत्यु ब्रेन हेमरेज से हुई है, जबकि स्वजनों ने समय पर समुचित इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाया है। परशुराम कुमार सिंह जैप-8 लेस्लीगंज में पदस्थापित थे और हाल ही में असम में चुनाव ड्यूटी से लौटने के बाद उन्हें पश्चिम बंगाल भेजा गया था।

उनके बड़े भाई जयराम सिंह ने बताया कि असम से लौटने के बाद से ही उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, इसके बावजूद उन्हें पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और बाद में उत्तर 24 परगना में चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर दिया गया।

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

जयराम सिंह के अनुसार, परशुराम लगातार अपनी तबीयत खराब होने की सूचना अधिकारियों को दे रहे थे, लेकिन उनका समुचित इलाज नहीं कराया गया। रविवार दोपहर करीब दो बजे उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

बाद में उनके साथियों से जानकारी मिली कि उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। करीब तीन बजे फोन पर सूचना मिली कि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर है। मृतक के पार्थिव शरीर को लाने के लिए एसोसिएशन के सदस्य पश्चिम बंगाल रवाना हो गए हैं। परिजनों को वहां जाने से मना किया गया है।

बताया गया कि सोमवार को पार्थिव शरीर जैप-8 लेस्लीगंज लाया जाएगा, जहां से उसे पैतृक गांव पंचपोखरी भेजा जाएगा। सोमवार दोपहर बाद शव के हैदरनगर पहुंचने की संभावना है, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।

फिलहाल विभागीय स्तर पर मृत्यु का कारण ब्रेन हेमरेज बताया गया है, जबकि स्वजन पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version