स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत का ग्लासगो में खेले गए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। भारत ने कुल 39 मेडल अपने नाम किए। इस कॉमनवेल्थ में भारतीय बॉक्सर का कमाल देखने को मिला। भारतीय दल ने बॉक्सिंग में कुल 10 मेडल जीते, जिसमें 7 गोल्ड मेडल शामिल रहे। ग्लासगो में भारतीय एथलीटों से 11वें दिन उम्मीद थी कि वे कम से कम एक मेडल जीतकर पदकों की संख्या 40 कर देंगे।
कॉमनवेल्थ के आखिरी दिन भारतीय एथलीटों का निराशाजनक प्रदर्शन देखने को मिला। भारत एक भी मेडल नहीं जीत सका और इसी वजह से 39 पदकों के साथ उन्हें संतोष करना पड़ा। भारत ने 39 मेडल जीत के साथ किसी एक कॉमनवेल्थ में सबसे अधिक पदक जीतने के मामले में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। भारत किसी एक कॉमनवेल्थ में सबसे अधिक मेडल 2010 में जीता था। आइए बताते हैं कि भारत ने कॉमनवेल्थ में कब-कब सबसे अधिक मेडल जीते हैं।
भारत ने साल 2010 में कॉमनवेल्थ में कमाल किया था। ये नई दिल्ली में आयोजित किया गया था, जहां भारतीय एथलीटों ने घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए 101 पदक जीते थे। इसमें 38 गोल्ड, 27 सिल्वर और 36 ब्रॉन्ज मेडल शामिल रहे। भारत का किसी एक कॉमनवेल्थ में ये सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
