यूपी में बारिश के कहर में एक ही परिवार के छह लोगों समेत 15 की मौत, कई घायल

यूपी में मानसून की तीव्रता बढ़ने के साथ ही हादसे भी बढ़ने लगे हैं। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश जनित हादसों में कुल 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्रतापगढ़ में एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई है और अमरोहा में एक ही घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। बाराबंकी में भाई-बहन की जान चली गई है। लखनऊ, सहारनपुर, कानपुर देहात और मुजफ्फरनगर में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई है।लखनऊ के मोहनलालगंज गदियाना में गुरुवार को चौकीदार गोकुल प्रसाद की झोपड़ी ढह गई। इसके नीचे दबकर उनकी 17 वर्षीय बेटी रिंकी की मौत हो गई, जबकि पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाराबंकी के दरियाबाद थाना क्षेत्र में सुबह पढ़ने जा रहे पांच बच्चों पर जर्जर दीवार भरभरा कर ढह गई। इसके मलबे में पांचों बच्चे दब गए। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर बच्चों को निकाला और सीएचएसी ले गए। वहां डॉक्टर ने सगे भाई-बहन को मृत करार दिया, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। बाकी दो का इलाज किया जा रहा है।सहारनपुर में महिला, मुजफ्फरनगर में बच्ची की मौतवहीं, सहारनपुर में देहात कोतवाली के घोघरेकी गांव में बुधवार रात कच्चा मकान ढहने से शमा नामक महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई। मुजफ्फरनगर के हबीबपुर सीकरी गांव में मकान की छत गिरने से डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची सान्वी (मोली) की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य लोग घायल हो गए। हुसैनपुर कलां में भी छत गिरने से परिवार के 5 लोग दबकर घायल हुए हैं। कानपुर देहात में दीवार गिरने से मासूम की मौत की सूचना है। बांदा में उफनाए रपटे में गिरे दो युवक लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। ब्रज में दिन भर रुक-रुककर बारिश से कई जगह हादसे हुए। इनमें 10 लोग घायल हो गए, जिनमें से पांच लोग गंभीर हैं।अमरोहा के सैदनगली स्थित ताजपुर डूंगर गांव में बारिश और दीवार धंसने के कारण निर्माणाधीन मकान का नवनिर्मित लिंटर गिर गया। घटना के समय नीचे लिंटर की खुशी में रिश्तेदारों व परिजनों की दावत चल रही थी, जिससे मलबे में 9 लोग दब गए। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अमले और ग्रामीणों ने आधे घंटे के रेस्क्यू के बाद मां मीनू, उसके 2 वर्षीय बेटे जसप्रीत और सास सुमरती देवी समेत 3 लोगों के शव निकाले, जबकि 6 गंभीर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।कई जिलों में भारी बारिश की आशंकामौसम विभाग ने 6 से 10 अगस्त के बीच पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अनुसार प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, कानपुर, रायबरेली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, इटावा और औरैया में भारी बारिश का अंदेशा है।बीते 24 घंटों के दौरान इटावा में 126 मिमी, कैसरगंज बहराइच में 95 मिमी, मिर्जापुर के चुनार में 90 मिमी, वाराणसी के महसी में 85.6 मिलीमीटर बारिश हुई। लखनऊ के अलीगंज में 78.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here