शिवपाल ने भाजपा में जाने की अटकलों पर फिलहाल लगाया विराम, बोले- जल्द अपना संगठन तैयार करेंगे

    प्रसपा प्रमुख और सपा के टिकट से विधायक शिवपाल सिंह यादव ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्हाेंने बीजेपी में जाने के तमाम अटकलों पर फिलहाल विराम लगा दिया है। इटावा पहुंचे शिवपाल ने कहा है वह जल्द ही अपना संगठन तैयार करेंगे। इससे पहले उन्होंने जब अपनी पार्टी (प्रसपा) की सभी इकाइयों को भंग किया तो कयास लगाए जा रहे थे कि वह जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, अब उन्होंने अपना संगठन तैयार करने की बात कही है।

    लखनऊ से शुक्रवार देर रात इटावा स्थित अपनी कोठी पहुंचे प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जल्द ही अपना संगठन तैयार करेंगे। शुक्रवार को ही उन्होंने अपनी पार्टी की सभी इकाइयों को भंग कर दिया था। इसके बाद यह चर्चा जोरों से चल रही है कि वे भाजपा में जाने वाले हैं। माना जा रहा है कि शिवपाल यादव अब अगला राजनीतिक कदम बढ़ाने जा रहे हैं। हालांकि, मीडिया के सवालों से बचते हुए उन्होंने इन दिनों गर्मी के चलते खेतों में आग लग लगने के मामलों में कार्यकर्ताओं से अपील की। कहा कि आप लोग किसानों की मदद करो और प्रशासन को जगाने का काम करो।

    उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 आया था तो सपा मुखिया अखिलेश यादव और शिवपाल की करीबी देखने को मिली थी। लेकिन शिवपाल की पार्टी को प्राथमिकता न मिलने और महज एक सीट मिलने के बाद ही मतभेद शुरू हो गया। हालांकि, इसके बाद भी शिवपाल ने बड़ा दिल दिखाते हुए संतोष किया और समाजवादी पार्टी के टिकट से चुनाव लड़े और जीते। यहां तक तो ठीक था लेकिन मामला तब बिगड़ा जब सपा के विधायकों की बैठक में शिवपाल को बुलाया नहीं गया। वह उसी दिन लखनऊ से इटावा आ गए थे। तब उन्हाेंने बड़ा बयान दिया था कि जब लोगों को रिश्तों की पहचान नहीं होती तब महाभारत होती है। उसी के बाद से शिवपाल की सपा से नाराजगी देखी जाने लगी। जब सहयोगी विधायकों की बैठक अखिलेश ने बुलाई तो शिवपाल नहीं पहुंचे थे। उसके बाद से ही शिवपाल की भाजपा में जाने की अटकलें लगाई जा रही थी।

    NO COMMENTS

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Exit mobile version