केरल में मलप्पुरम के पास चेम्माड में शनिवार को प्याज लदे एक ट्रक से जिलेटिन की 10,500 से ज्यादा छड़ें और डेटोनेटर जब्त किए गए. पुलिस ने बताया कि इस सिलसिले में ट्रक की मालकिन को हिरासत में लिया है. पुलिस के अनुसार, ईंट के भट्ठे के पास खड़े इस ट्रक से लगभग 245 बक्से बरामद किए गए जिनमें जिलेटिन की 10,500 से ज्यादा छड़ें, डेटोनेटर और तार रखे थे.तिरुरंगडी थाने के अधिकारियों ने बताया कि प्याज से लदा यह ट्रक शुक्रवार देर रात ईंट के भट्ठे पर पहुंचा था. एक गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद ट्रक से सामान उतार रहे लोग भाग गए.शनिवार सुबह पुलिस ने सामान उतारा और प्याज की बोरियों के बीच छिपाकर रखे गए डिब्बों से डेटोनेटर, जिलेटिन की छड़ें और तार बरामद किए. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही मामला दर्ज किया जाएगा.पुलिस ने बताया कि हिरासत में ली गई महिला पत्थर की एक खदान भी चलाती है और संदेह है कि विस्फोटक और जिलेटिन की छड़ें अवैध खनन गतिविधियों में उपयोग के लिए लाई गई थीं. एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोटक केरल के बाहर से लाए गए थे और उनके स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है.
