हाटा विकास खंड के ग्राम पंचायत महुई बुजुर्ग की प्रधान अनीता देवी से 23713 रुपये की रिकवरी होगी। जिला मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह तंवर ने 15 दिनों में यह धनराशि बैंक में जमा कर रसीद डीपीआरओ के समक्ष प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं।
धरनीधर उर्फ चुलबुल दुबे ने डीएम के यहां शिकायती पत्र देकर बताया था कि पंचायत भवन की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य में सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। शिकायत पर डीएम ने अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत कुशीनगर एवं अवर अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग सुकरौली को जांच सौंप रिपोर्ट मांगी।
प्रधान एवं सचिव की ओर से मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य में चार लाख 97 हजार 659 रुपये खर्च दिखाया गया था। जांच में अधिकारियों ने पाया कि मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य में दिखाए गए खर्च के सापेक्ष चार लाख 21 हजार 521 रुपये का कार्य ही हुआ है। इसी तरह 70 हजार 343 रुपये का कार्य जांचोपरांत पूर्ण कराया गया।
शेष 71 हजार 138 रुपये का कार्य नहीं कराया गया है। प्रधान अनीता देवी, सचिव सुनील मणि, ग्राम विकास अधिकारी खुर्शीद आलम एवं अवर अभियंता ग्रामीण अभियंतत्रण विकास खंड हाटा द्वारा पंचायत भवन की मरम्मत में कम खर्च करके शेष रुपये का दुरुपयोग किया गया है।
इस पर जिला मजिस्ट्रेट ने दुरुपयोग की गई धनराशि की एक तिहाई राशि प्रधान से रिकवरी करने का आदेश देते हुए कहा है कि ग्राम पंचायत महुई बुजुर्ग के ग्राम निधि प्रथम खाता में यह राशि जमा कर रसीद डीपीआरओ के समक्ष 15 दिनों में प्रस्तुत की जाए।
