Home देश हरियाणा में बनेंगे 10 नए IMT, सरकारी रेट पर जमीन देंगे किसान;...

हरियाणा में बनेंगे 10 नए IMT, सरकारी रेट पर जमीन देंगे किसान; चेक करें जिलों की लिस्ट

हरियाणा में दस नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (आइएमटी) विकसित करने की कड़ी में नारायणगढ़ के किसान सरकार द्वारा निर्धारित कीमत पर जमीन उपलब्ध कराने को तैयार हो गए हैं। किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और अधिकारियों के साथ बैठक में नारायणगढ़ आईएमटी के लिए 450 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

तेज से चल रहा विकास कार्य

आईएमटी स्थापना की प्रक्रिया प्रारंभ होने पर किसानों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए उनका मुंह मीठा कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने किसानों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम क्षेत्र के आर्थिक विकास और रोजगार सृजन में मील का पत्थर साबित होगा। अंबाला में पहले से ही आईएमटी विकसित करने का कार्य तेज गति से चल रहा है।

अब नारायणगढ़ में भी आईएमटी विकसित होने से इस क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। गुरुग्राम की तर्ज पर अंबाला क्षेत्र को भी आधुनिक और विकसित औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। आईएमटी से उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

लिस्ट में ये शामिल

मुख्यमंत्री ने कहा कि बतौर वित्त मंत्री उन्होंने बजट में घोषणा की थी कि प्रदेश में 10 नए इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप स्थापित किए जाएंगे। इनमें से मानेसर, बावल, रोहतक, फरीदाबाद, सोहना और खरखौदा में पहले ही आईएमटी विकसित किए जा रहे हैं। मिक्सी उद्योग एवं चिकित्सा उपकरण निर्माण के लिए प्रसिद्ध अंबाला अब दो नए आईएमटी के माध्यम से अपनी औद्योगिक पहचान को और सुदृढ़ करेगा।

बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा वित्तायुक्त डा. सुमिता मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डा. अमित अग्रवाल ने भी अपनी बात रखी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version