गाजियाबाद में मिला धनबाद से दो साल पहले लापता हुआ युवक, पुलिस ने परिवार से मिलवाया

मसूरी पुलिस ने धनबाद से दो साल पहले लापता हुए 26 वर्षीय युवक को तलाश किया है। युवक को तलाशकर शुक्रवार को स्वजन के सुपुर्द कर दिया।

स्वजन ने पुलिस को बताया कि युवक मानसिक रूप से बीमार है। वह काम की तलाश में दो साल पहले गुजरात गया था उसके बाद से घर वापस नहीं आया। युवक गाजियाबाद कब से है और यहां कैसे आया इसका जवाब वह नहीं दे पाया है।

डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी के मुताबिक मूसरी पुलिस छह मई को निगरावटी चौकी क्षेत्र के आकलपुर गांव में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस को एक युवक आता हुआ दिखाई दिया।

पुलिस पूछताछ में कुछ नहीं बता पाया युवक

जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो वह कुछ बता नहीं पा रहा था। पुलिस को लगा कि वह मानसिक रूप से बीमार है। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो उसने अपना नाम अभिनंदन बताया, उसका पता पूछने पर उसने अपने गांव का नाम महेशपुर जिला धनबाद झारखंड निवासी बताया।

मसूरी पुलिस ने धनबाद पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद शुक्रवार को युवक के पिता दशरथ प्रसाद तिवारी और जीजा राम अवतार चौबे मसूरी पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका बेटा अभिनंदन उम्र 26 वर्ष मानसिक रूप से कमजोर है। करीब दो साल पहले वह नौकरी की तलाश में गुजरात चला गया।

वहां से वह प्रयागराज कुंभ नहाने के लिए आया। प्रयागराज से युवक गाजियाबाद कैसे आया इसकी जानकारी युवक नहीं दे पा रहा है। पिता दशरथ प्रसाद तिवारी दो वर्ष से लापता बेटे को देखकर खुश हो गए। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद युवक को उसके स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here