विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के चकेरी थानाक्षेत्र स्थित घर से 30 मीटर दूर एक युवक पर फायर करने के आरोपित गौरव जैन को पुलिस ने सनिगवां में मुठभेड़ में दबोच लिया।
उसके दाएं पैर में गोली लगी। आरोपित का इससे पहले कालीबाड़ी के युवक को पीटकर मरणासन्न करने व धमकाते हुए वीडियो भी प्रचलित हुआ था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, एनडीपीएस समेत 12 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपित को एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चकेरी के लालबंगला कालीबाड़ी निवासी गौरव जैन ने लगभग 12 साल पहले अपराध की दुनिया में कदम रखा। वर्ष 2016 में उसके खिलाफ पहला मुकदमा रंगदारी न देने पर साथियों के साथ मारपीट, बलवा, हत्या के प्रयास समेत धाराओं में चकेरी थाने में पहला मुकदमा दर्ज हुआ था।
उसके बाद वह क्षेत्र में अपना वर्चस्व कायम रखने के लिए लोगों से विवाद करने और रंगदारी मांगने लगा। इसको लेकर उसने कई बार लोगों के घरों के बाहर फायर किए। उसके खिलाफ सफीपुर प्रथम निवासी रौनक ने भी एक मुकदमा दर्ज कराया था।
उसके अनुसार 10 जुलाई की रात करीब 11 बजे वह अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना के घर से 30 मीटर दूरी पर सुभाष रोड के पास पहुंचा, तभी गौरव जैन और उसके दो साथियों ने रोक लिया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने तमंचा निकाल फायर झोंक दिया।
वह किसी तरह से बचकर भागा। भीड़ जुटी तो आरोपित भाग निकला था। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि गौरव जैन पर एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में उसने कई अपराधिक घटनाएं कर क्षेत्र में दहशत फैलाई थी। वह काफी समय से वांछित चल रहा था।
सोमवार रात चकेरी थाना पुलिस को गौरव जैन सनिगवां के मथुरापुर स्थित अलखनंदा अपार्टमेंट के पास स्कूटर पर बैठे होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने वहां पहुंच घेराबंदी की, लेकिन गौरव जैन ने पुलिस पर दो फायर कर दिए। जवाबी फायर में गौरव जैन के दाएं पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा।
पुलिस ने उसे दबोचकर तमंचा बरामद किया। आरोपित को घायल हालत में कांशीराम अस्पताल ले गए,जहां प्राथमिक उपचार के बाद एलएलआर अस्पताल भेज दिया गया।
डीसपी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि गौरव जैन पर गुडा की कार्रवाई पूर्व में हो चुकी है। उसकी हिस्ट्रीशीट भी खुली है। गैंग्स्टर की कार्रवाई प्रचलित है। पूर्व के मुकदमे में उसे हाईकोर्ट से जमानत मिली थी, लेकिन लगातार वारदात करने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।
जन्मदिन पार्टी हो या कोई और मौका, बात-बात पर करना शौक
लोगों के अनुसार गौरव जैन जन्मदिन की पार्टी हो या फिर कोई और मौका। बस उसे फायर करने का बहाना चाहिए। उसे फायर करने का इतना शौक है कि छोटे से छोटे विवाद में वह फायर झोंक देता है। 15 जनवरी 2025 की रत गौरव जैन ने साथियों के साथ अपने जन्मदिन की पार्टी कर रहा था।
इस दौरान उसने बमबाजी और फायरिंग कर बाजार में दहशत फैला दी, जिससे व्यापारियों को बाजार तक बंद करनी पड़ी थी।
मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ सेवन सीएलए समेत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने के बाद उसी लाल बंगला बाजार में पैदल घुमाया था, जिससे उसकी दहशतगर्दी कम हो, लेकिन ऐसा ज्यादा समय तक नहीं रहा।
वहीं, 13 नवंबर को गौरव जैन ने इलाके के आकाश केसरवानी के भाई के साथ इंस्टाग्राम पर हुई गाली-गलौज की रंजिश के चलते पीड़ित के पैर में तंमचे से फायर कर घायल कर दिया था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद चार्जशीट भी लग चुकी है। गौरव जैन के गिरोह अन्नी उर्फ बउवा उर्फ सोनू सोनकर, नंदू उर्फ जगमोहन, राज गिहार, सागर शर्मा, छोटू उर्फ अभिषेक सोनकर, यस राजपूत हैं, जिनके खिलाफ भी पुलिस कार्रवाई कर रही है।









