Ajit Doval On Gen-Z: ‘आजादी का मतलब मनमर्जी नहीं, बल्कि राष्ट्रहित के प्रति जिम्मेदारी है।’ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने पुणे में लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि पर आयोजित समारोह में आज की Gen-Z को यही बड़ा संदेश दिया। ‘लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार 2026’ से सम्मानित होने के बाद डोभाल ने कहा कि आजादी का सही अर्थ समझना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की और कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में हर नागरिक का पहला कर्तव्य देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना होना चाहिए।
‘आजादी मनमर्जी का लाइसेंस नहीं’ अजित डोभाल ने कहा कि आज की पीढ़ी में कई लोग आजादी को अपनी इच्छा के मुताबिक कुछ भी करने का अधिकार मान लेते हैं, जबकि यह सोच गलत है। उन्होंने कहा कि असली आजादी वही है, जो जिम्मेदारी और कर्तव्य के साथ जुड़ी हो। यदि कोई कदम राष्ट्रहित के खिलाफ जाता है, तो उसे आजादी नहीं कहा जा सकता। युवाओं को इस अंतर को समझना होगा। Gen-Z से बोले- पहले देश, फिर बाकी सब डोभाल ने युवाओं से कहा कि भारत को शक्तिशाली बनाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है। उन्होंने कहा कि देश आज आंतरिक और बाहरी चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में युवाओं को व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित के बारे में सोचना चाहिए। उनका योगदान ही विकसित और सुरक्षित भारत की सबसे बड़ी ताकत बनेगा।










