‘सेना में भर्ती शुरू कराइए’-सभा में नौजवानों ने उठाई मांग, राजनाथ ने तुरंत दिया ये जवाब

    भाजपा प्रत्‍याशी के पक्ष में मतदान की अपील करने देवरिया पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की जनसभा में कुछ देर के लिए सबका ध्‍यान एक ओर केंद्र‍ित हो गया। सभा खत्‍म होने को थी तभी भीड़ की तरफ से आवाज आई- ‘रक्षामंत्री जी, सेना में भर्ती शुरू कराइए।’ राजनाथ सिंह ने तुरंत इसका जवाब दिया और बोले- ‘शीघ्र शुरू कराएंगे।’ इसके बाद यह मांग उठा रहे नौजवान शांत हो गए।

    यह वाकया बुधवार का है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने 40 मिनट के चुनावी भाषण में कभी हिंदी तो कभी भोजपुरी बोलते हुए लोगों का ध्यान केन्द्रित किया। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से हाथ उठावाते हुए पूछा कि पार्टी से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आप लोगों को मिलता है कि नहीं। इस सवाल पर जनता ने योजनाओं का लाभ मिलने की हामी भरी। इसी दौरान कुछ युवाओं से देवरिया में आर्मी भर्ती कैंप स्थापित करने की मांग की। इस पर राजनाथ सिंह ने चुनाव बाद कैंप स्थापित कराने का आश्वासन दिया।

    सभा को सम्‍बोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने भाजपा और कांग्रेस की सरकारों के कार्यकाल के अंतर गिनाए। उन्‍होंने कहा कि भाजपा सरकार की सोच ईमानदार और काम असरदार है। मोदी-योगी के डबल इंजन की सरकार ने लम्बे समय के बाद बदलाव की कहानी लिखी है। लोगों ने एक बेहतर बदलाव को महसूस भी किया है। इस सरकार में विकास का एक नया युग पैदा हुआ है। धर्म रक्षा और सर्वत्र सुरक्षा पर काम किया गया है। सबका मान सम्मान बढ़ाते हुए किसानों की प्रगति पक्की की गई है। अब इन सब कार्यों को उंचाईयों पर ले जाने का काम किया जाएगा।

    हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है देश

    राजनाथ सिंह ने कहा कि देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। भाजपा की सरकार बनी तो होली व दीपावली में मुफ्त एक सिलेंडर, लड़कियों को स्कूटी, लड़कों को स्मार्ट फोन, 60 साल के ऊपर के बुजुर्गों को मुफ्त यात्रा, किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली दी जाएगी। साथ ही महिलाओं को एक लाख तक का ऋण कम से कम ब्याज पर दिया जाएगा। देश को पीएम नरेन्द्र मोदी और प्रदेश को सीएम योगी आदित्यनाथ बखूबी चला रहे हैं। अब लोगों को लगने लगा है कि भारतीय जनता पार्टी का ही शासन सर्वश्रेष्ठ होता है। सपा, बसपा व कांग्रेस ने जो वादा किया वह कभी भी पूरा नहीं हुआ। भाजपा अपने वादा को हर संभव पूरा करने की कोशिश करती है। विधान सभा चुनाव में पार्टी को कमोबेश उतनी ही सीटें मिल रही हैं जितनी पिछले विधानसभा चुनाव में जीती थी। भारतीय जनता पार्टी जो कहती है, वो करती है।

    हमारी राजनीति देश और समाज के लिए

    उन्‍होंने कहा कि भाजपा सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि देश और समाज के लिए राजनीति करती है। सपा-बसपा और कांग्रेस दंगा फसाद कराती है। भाजपा के शासन में कोई दंगा उत्तर प्रदेश में नहीं हुआ। कोरोना के चलते महंगाई बढ़ी जिस पर आने वाले छह माह में काबू पा लिया जाएगा। उक्त बातें उन्होंने बुधवार को बरहज विधानसभा क्षेत्र के ज्ञानप्रकाश इंटर कॉलेज भलुअनी में आयोजित चुनावी जनसभा के दौरान कही।

    मोदी-योगी सरकार की गिनाईं उपलब्धियां

    उन्होंने कहा कि भाजपा की मोदी और योगी सरकार के अलावा शायद ही कोई दूसरी सरकार ऐसी हो जिसके ऊपर या उसके मंत्रियों, विधायकों के ऊपर भ्रष्टाचार का आरोप न लगा हो। कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि राजीव गांधी कहते थे कि वह जब 100 पैसे भेजते थे तो बड़ी मुश्किल से 15 पैसा नीचे तक पहुंचता है बाकी के 85 पैसे तो बीच में ही भ्रष्टाचार का शिकार हो जाता है, लेकिन 2014 से मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने इसको समाप्त कर दिया। इसका सीधा उदाहरण किसान सम्मान निधि है हमारी सरकार सीधे लाभार्थियों के खाते में 6000 भेजती है और पूरा पैसा किसान को मिलता है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सिस्टम को सही करना पड़ता है ।

    NO COMMENTS

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Exit mobile version