मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी पर आप का हल्ला बोल, विरोध-जाम और गिरफ्तारी, जानें कब क्या हुआ

    कथित शराब घोटाले में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने सोमवार को देशभर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के लिए सुबह करीब 11 बजे से ही कार्यकर्ता पार्टी के मुख्यालय में जुटना शुरू हो गए थे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे, लेकिन सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय पहुंचने में कामयाब रहे। विरोध-प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अभी मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया है, आगे अन्य नेताओं पर मुकदमे होंगे। लेकिन आप हर घर में मनीष सिसोदिया तैयार करेगी। आप एक अरविंद केजरीवाल को लेकर जाओगे, 10 केजरीवाल आपको इस दफ्तर के अंदर बैठे मिलेंगे। पार्टी झुकेगी नहीं और रुकेगी नहीं।

    वहीं, विधायक आतिशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगता है कि वह किसी को भी बिना सबूत और अपराध के जेल में डाल देंगे। जब तक उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जेल में हैं, तब तक हम संघर्ष करते रहेंगे। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता आदिल खान ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली व देश के सबसे बेहतरीन शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया को फर्जी केस में गिरफ्तार किया है। विधायक कुलदीप ने कहा कि देश को एजुकेशन मॉडल देने वाले एक ईमानदार व्यक्ति को फर्जी मामले में भाजपा ने सीबीआई और दिल्ली पुलिस के दम पर गिरफ्तार किया है। सोमवार को दिल्ली के अलावा पटना, चंडीगढ़, भोपाल, ओडिशा, गुजरात, हरियाणा, मुंबई, बेंगलुरु में भी आप कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया।

    पार्टी कार्यालय में घुसी पुलिस
    आप नेताओं ने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं को पकड़ने के लिए पुलिस पार्टी दफ्तर में घुस गई। दिल्ली में इमरजेंसी जैसी स्थिति है। आप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस जबरन घुसी है। आज हमने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन कुछ लोगों ने हमारी माताओं, बहनों पर लाठी चलाई। हमारे कार्यकर्ताओं के सिर पर लाठी मारी गई। पार्टी कार्यालय के अंदर घुस-घुसकर कर हमारे कार्यकर्ताओं को पकड़-पकड़कर बस के अंदर भरा गया। यह बिल्कुल सही नहीं था।आप मुख्यालय जाने वाला रास्ता बंद
    दिल्ली पुलिस ने आप मुख्यालय की तरफ जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए। दिल्ली पुलिस ने आप दफ्तर के बाहर धारा 144 लागू कर डीडीयू मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया। हालांकि, आप नेता छुपकर व अन्य रास्तों से पार्टी मुख्यालय तक पहुंचने में कामयाब रहे। पार्टी नेताओं ने बताया कि पार्टी मुख्यालय के साथ भाजपा के तरफ जाने वाले रास्ते को भी बंद कर दिया गया था। इसके अलावा आप मुख्यालय की तरफ आने वाले अन्य छोटे रास्तों पर भी भारी पुलिस बल को तैनात कर दिया गया था।
    बच्ची बनी आकर्षण का केंद्र 
    विरोध प्रदर्शन में धरना देने पहुंची 12 साल की बच्ची आकर्षण का केंद्र रही। आप कार्यकर्ताओं के साथ आई करीब 12 साल की मनीष मिश्रा ने कहा कि वह दिल्ली के सरकारी स्कूल में पढ़ती है। दिल्ली सरकार ने स्कूलों को सबसे सुंदर बना दिया है। केंद्र सरकार उनके काम से परेशान है यही कारण है कि उन्होंने शिक्षा मंत्री को जेल में डाल दिया। स्कूलों में हुए सुधार को पसंद नहीं कर रहे। केंद्र सरकार नहीं चाहती कि दिल्ली के स्कूल अच्छे हो।

    NO COMMENTS

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Exit mobile version