दिल्ली धमाके और आतंकियों के डॉक्टर मॉड्यूल को लेकर चर्चा में आई फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी को लेकर हाल ही में एक और बड़ा खुलासा हुआ है. दिल्ली पुलिस की तरफ से आरोप लगाया गया कि इस यूनिवर्सिटी की मान्यता 2018 में खत्म हो चुकी थी, लेकिन वेबसाइट पर फर्जी तरीके से यूजीसी की मान्यता दिखाई गई. अब ये आरोप अगर वाकई साबित हुआ तो हजारों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो सकता है. ये पहली बार नहीं है जब किसी यूनिवर्सिटी ने ऐसा किया हो, ऐसी तमाम फर्जी यूनिवर्सिटीज को लेकर यूजीसी की तरफ से लिस्ट जारी की जाती है. आइए आपको बताते हैं कि आप अपने कॉलेज या फिर यूनिवर्सिटी की मान्यता कैसे चेक कर सकते हैं. कैसे चेक कर सकते हैं मान्यता?पेरेंट्स अपनी जिंदगी भर की कमाई लगाकर बच्चों का कॉलेज में एडमिशन करवाते हैं, लेकिन बाद में पता चलता है कि वो कॉलेज मान्यता प्राप्त नहीं है. ऐसे में पेरेंट्स और स्टूडेंट्स को एडमिशन से पहले ही कॉलेज की मान्यता जरूर देख लेनी चाहिए. UGC अधिनियम 1956 के तहत तमाम कॉलेज और यूनिवर्सिटीज को मान्यता दी जाती है.
