फरीदाबाद में सिंगापुर से आए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वह भतीजे की शादी में शामिल होने आया था, लेकिन पार्किंग को लेकर पड़ोसी से विवाद हो गया, जिसने बड़ा रूप ले लिया.फरीदाबाद:फरीदाबाद में हत्या का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पार्किंग विवाद को लेकर पड़ोसी ने सिंगापुर से आए व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी. आरोपी ने 14 राउंड फायर किए थे, जिससे हड़कंप मच गया. घटना शुक्रवार रात सेक्टर 21 की बताई जा रही है. मृतक की पहचान परमजीत के रूप में हुई है, वह सिंगापुर में एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते था. शादी में शामिल होने के लिए वह घटना से ठीक एक दिन पहले ही भारत आए थे. लेकिन अगले ही दिन पड़ोसी से पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. एक ही बिल्डिंग में रहते दोनों फरीदाबाद पुलिस ने बताया कि आरोपी मोनू शर्मा उर्फ मोहन और परमजीत एक ही बिल्डिंग में रहते थे. सेक्टर-21C के मकान नंबर 641 में परमजीत पहली मंजिल पर रहते थे, जबकि आरोपी तीसरी मंजिल पर रहता था. दोनों के बीच पार्किंग और छोटी-मोटी बातों को लेकर अक्सर झगड़ा होता रहता था. शुक्रवार रात करीब 9 से 9 बजकर 15 मिनट के बीच विवाद फिर बढ़ गया. आरोप है कि गुस्से में आकर मोनू ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से परमजीत पर गोलियां चला दीं. पुलिस के मुताबिक, इस दौरान कुल 14 राउंड फायरिंग हुई. इसमें से करीब 8 से 9 गोलियां परमजीत को लगीं. परमजीत को गोली लगने पर परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
