मुख्तार अंसारी के करीबी सहित तीन की करोड़ों की संपत्ति कुर्क करने के आदेश

    मुख्तार अंसारी के करीबियों पर लगातार शिकंजा कसता जा रहा है। इसी क्रम में मऊ जिलाधिकारी अरुण कुमार ने सुरेश सिंह की 20 लाख की संपत्ति कुर्क करने का निर्देश दिया है। साथ ही कोपागंज के दो लोगों की सात करोड़ की संपत्ति कुर्क करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति बनी रही, वहीं यह कार्रवाई चर्चा का विषय बनी रही।

    डीएम ने मुख्तार के करीबी घोसी कोतवाली के पकड़ी निवासी सुरेश सिंह पुत्र स्वर्गीय लल्लन सिंह और उसके पुत्र विवेक सिंह के नाम से वाहन संख्या यूपी 65 सीटी 8194 बस टाटा एलपीओ को कुर्क करने का निर्देश दिया। इस कीमत करीब 20 लाख रुपये है।

    जबकि संजय जायसवाल तथा संतोष जायसवाल पुत्र छेदी लाल जायसवाल निवासी रईसा थाना कोपागंज तथा हाल पता ग्राम बहरामपुर थाना मधुबन की संपत्ति कुर्क करने का निर्देश दिया। जय जायसवाल द्वारा अपने तथा अपनी पत्नी नीलम देवी के नाम मौजा उफरौली एवं हिराज पट्टी, तहसील मधुबन में दो जमीनों पर आलीशान मकानों का भी निर्माण अवैध तरीके से अर्जित धन द्वारा कराया गया था। जिसकी कीमत करीब दो करोड़ 42 लाख 47 हजार 645 रुपए है। इसके खिलाफ थाना कोपागंज में कई मामलों में अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

    वहीं संतोष जायसवाल ने भी अवैध तरीके से अर्जित धन द्वारा अपने व पत्नी ममता जयसवाल एवं पुत्रों रवि एवं राहुल जायसवाल के नाम से मौजा बहरामपुर तहसील मधुबन में जमीनों एवं कई वाहनों का क्रय किया था, जिनकी कुल अनुमानित मूल्य लगभग 3 करोड़ 66 लाख 44 हजार 842 रुपए हैं। संतोष जयसवाल के खिलाफ भी थाना कोपागंज में कई अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
    जिलाधिकारी अरुण कुमार ने कहा कि अवैध रूप से अर्जित धन द्वारा निर्मित संपत्तियों के खिलाफ अभियान चला कर कुर्क की कार्रवाई की जा रही है। जिन लोगों ने भी इस प्रकार से चल एवं अचल संपत्तियों का निर्माण किया है, उनके खिलाफ भी कुर्क की कार्रवाई की जाएगी।

    NO COMMENTS

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Exit mobile version