INDIA के NDA से चुनावी जंग के एलान के बाद गरमाई यूपी की राजनीत‍ि, लोकसभा चुनाव 2024 के ल‍िए BJP बदलेगी रणनीत‍ि

    अगले वर्ष होने वाले लोक सभा चुनाव 2024 के दृष्टिगत तेजी से बदलतीं राजनीतिक परिस्थितियों में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष शनिवार को राजधानी में पार्टी की सांगठनिक गतिविधियों की थाह लेंगे और पदाधिकारियों के साथ आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे। उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात प्रस्तावित है।

    भाजपा का देशव्यापी महाजनसंपर्क अभियान हाल ही में संपन्न हुआ है। बीएल संतोष प्रदेश में संचालित हुए इस अभियान की समीक्षा कर सकते हैं। बीते दिनों ही सुभासपा ने एनडीए में फिर से वापसी की है। पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान भी भाजपा में दोबारा शामिल हुए हैं। प्रदेश में गर्माए राजनीतिक माहौल के संदर्भ में वह पार्टी पदाधिकारियों के साथ पार्टी के भावी कार्यक्रमों और रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं।

    लखनऊ प्रवास के दौरान वह पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा वह प्रदेश महामंत्रियों के साथ अलग से बैठक करेंगे। लोक सभा चुनाव के लिए पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने में इंटरनेट मीडिया की बड़ी भूमिका होगी। संतोष पार्टी के इंटरनेट मीडिया विंग को भी मंत्र देंगे। इस लिहाज से उनकी पार्टी की सोशल मीडिया के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक होगी।

    भाजपा अपने पंचायत प्रतिनिधियों और नगरीय निकायों के पदाधिकारियों को भी लोक सभा चुनाव के परिप्रेक्ष्य में सक्रिय करना चाहती है। इसी कड़ी में जिला पंचायत अध्यक्षों और सदस्यों को वह अगस्त में प्रशिक्षण देने जा रही है। जिला पंचायत अध्यक्षों का प्रशिक्षण हरियाणा में होगा जबकि सदस्यों को प्रदेश में ही क्षेत्रवार प्रशिक्षित किया जाएगा। पंचायत और निकायों के प्रतिनिधियों के प्रशिक्षण के संदर्भ में भी वह बैठक करेंगे।

    NO COMMENTS

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Exit mobile version