Home उत्तर प्रदेश राहुल गांधी के अमेठी दौरे से पहले गरमाया राजनीतिक माहौल, पोस्टर वार...

राहुल गांधी के अमेठी दौरे से पहले गरमाया राजनीतिक माहौल, पोस्टर वार शुरू

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के एक दिवसीय अमेठी दौरे से पहले जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। शहर के कई प्रमुख स्थानों पर लगाए गए पोस्टरों ने राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है। इन पोस्टरों के जरिए कांग्रेस और अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा को निशाने पर लिया गया है।

चस्पा पोस्टर में सवाल उठाया गया है कि “2 साल किशोरी लाल तुमने क्या किया?” साथ ही आरोप लगाया गया है कि सांसद बनने के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों के नाम पर केवल एक स्कूल बस दी गई, वह भी कांग्रेस नेता के स्कूल में, जबकि एक एम्बुलेंस उनके ट्रस्ट द्वारा संचालित अस्पताल को उपलब्ध कराई गई।

इसके अलावा लगाए गए अन्य पोस्टरों में सांसद किशोरी लाल शर्मा के दो वर्षों के कार्यकाल की तुलना पूर्व सांसद स्मृति जुबिन इरानी के पांच वर्षों के कार्यकाल से की गई है। पोस्टरों में दावा किया गया है कि स्मृति ईरानी के कार्यकाल में अमेठी में कई विकास कार्य कराए गए थे, जिनका भी उल्लेख किया गया है।

ये पोस्टर कांग्रेस कार्यालय, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, संजय गांधी अस्पताल मुंशीगंज और कलेक्ट्रेट परिसर समेत कई प्रमुख स्थानों पर लगाए गए हैं। पोस्टर वार के बाद जिले में एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version