Home खास खबर ऐसा स्कूल बनाएंगे जहां बेटे-बेटियों के नामांकन के लिए अफसर-नेता करेंगे पैरवी’,...

ऐसा स्कूल बनाएंगे जहां बेटे-बेटियों के नामांकन के लिए अफसर-नेता करेंगे पैरवी’, CM सम्राट चौधरी ने किया एलान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की समृद्धि का भी रास्ता पुलिस से जुड़ा है। पुलिस के बल पर ही सुशासन है।

सुशासन होगा तो सभी सेक्टर के लिए हमारे रास्ते खुल जाएंगे। फिर उद्योग धंधे भी लगेंगे, इसलिए पुलिस बल से मेरा आग्रह है कि आप सुशासन स्थापित कीजिए, आपके परिवार की चिंता सरकार करेगी।

मुख्यमंत्री गुरुवार को पुलिस मुख्यालय सभागार में बैंक ऑफ बड़ौदा-बिहार पुलिस सैलरी पैकेज के बीमा लाभ वितरण कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस कार्यक्रम में 61 दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रितों के बीच 37 करोड़ 50 लाख की बीमा राशि का चेक दिया गया।

सम्राट ने कहा कि बिहार अब सड़क, बिजली, पानी से ऊपर उठ चुका है। यह सारी व्यवस्थाएं खड़ी हो चुकी हैं, अब उद्योग-धंधे भी हमें चाहिए। पिछले साल जब मैंने बजट पेश किया तो तीन लाख 17 हजार करोड़ रुपये का बजट था, इस बार बिजेन्द्र यादव ने तीन लाख 47 हजार करोड़ का बजट पेश किया।

आपको जानकर आश्चर्य होगा कि इस बजट में भी हमारी हिस्सेदारी 60 से 70 करोड़ ही होती है। ऐसे में हर हाल में हमको अपने यहां राजस्व संग्रह बढ़ाना होगा। यहां उद्योग लगे तो हैं मगर धीरे-धीरे काम हो रहा है।

अब इसकी गति तेज करनी है, इसलिए मैंने टारगेट किया है कि 20 नवंबर के पहले बिहार के बजट से करीब दोगुना यानी पांच लाख करोड़ का निवेश उद्योग-धंधे में कराया जाएगा। बिहार की आबादी 14 करोड़ है, हम बाजार भी हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को न्याय के साथ विकास के रास्ते पर लाया है। पीएम चाहते हैं, विकसित भारत और बिहार समृद्ध बने, इसका रास्ता भी सुशासन ही है।

पुलिस जाति पूछकर गोली नहीं चलाती 

सम्राट चौधरी ने इशारों में तेजस्वी यादव के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कुछ लोग को अपनी चिंता होती है। कह रहे हैं कि पुलिस एनकाउंटर होता है, उसमें जाति भी पूछनी चाहिए। क्या कामन सेंस लोग यूज कर रहे हैं। पुलिस किसी की जाति पूछकर गोली नहीं चलाती।

पुलिस को मैंने कहा कि कोई यदि पुलिस को चैलेंज करता है, तो उसे 48 घंटे में जवाब देना है। पुलिस सुशासन के लिए है, सख्ती के लिए है।अपराधी किसी भी हालत में नहीं बचे।

ऐसा स्कूल बनाइए कि अफसर-मंत्री पैरवी करें : सम्राट

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने सभी 534 प्रखंडों में मॉडल स्कूल की परिकल्पना करते हुए सरस्वती विद्या निकेतन शुरू करने को कहा है। ऐसा स्कूल बनाइए जिसमें अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए बड़े अफसर-मंत्री पैरवी करें।

बिहार ज्ञान की भूमि रही है। उन्होंने गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी से कहा कि अगर डीजीपी ने प्रस्ताव भेज दिया है, तो इसे अगली कैबिनेट में लाकर पारित करा दीजिए। सभी 40 पुलिस लाइन में भी अच्छे स्कूल खोलने का निर्देश दिया गया है, इसे तुरंत कराइए। देर मत कीजिए। स्कूल भी चाहिए और मेडिकल सुविधा भी चाहिए।

सम्राट ने कहा कि डीजीपी कह रहे कि 150 करोड़ में पुलिसकर्मियों को कैशलेस मेडिकल सुविधा मिल जाएगी। मैं कहता हूं 150 की जगह 200 करोड़ ले लीजिए, लेकिन पुलिस बल को चिंतामुक्त कीजिए।

उन्होंने समारोह में मौजूद बैंक पदाधिकारियों को सीडी रेशियो को 60 से बढ़ाकर 100 प्रतिशत करने का निर्देश देते हुए कहा कि बिहार का पैसा, बिहारियों को मिलना चाहिए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version