रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बोले- आंख में धूल झोंककर राजनीति करने वालों को करारा जवाब देगी जनता

    रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा जनता की आंख में धूल झोंककर राजनीति नहीं करती अपितु पार्टी का चाल-चरित्र ऐसा है कि हम जनता की आंखों में आंख डालकर देश व प्रदेश को विकास की बुलंदी पर पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। आंख में धूल झोंकने वाली सपा-बसपा व कांग्रेस के झांसे में यूपी की जनता नहीं आने वाली है और करारा जवाब देने को तैयार है। एक फिर भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है।

    रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को बलिया के रसड़ा और संतकबीरनगर के खलीलाबाद में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, नए भारत के नवनिर्माण की दिशा में मोदी-योगी की सरकार काफी तीव्र गति से विकास को नए आयाम दे रही है। 2017 से पहले यूपी को बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता रहा है किंतु योगी के बुलडोजर ने माफिया को उसकी औकात बताकर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का कार्य किया है। 2022 में भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है और हर घर में नल के साथ जल पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। वहीं दो वर्ष के अंदर हर व्यक्ति के पास अपना पक्का घर होगा।

    उन्होंने दावा किया कि दुनिया की सर्वेक्षण एजेंसियां मान चुकी हैं कि भाजपा की नरेंद्र मोदी सरकार तीव्र गति से आर्थिक विकास का पहिया घुमा कर देश को स्वावलंबी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। 2017 में सरकार बनी तो यूपी विकास के मायने में 12वें स्थान पर था जबकि अब दूसरे पायदान पर है। 11 लाख करोड़ से बढ़कर 21 लाख करोड़ की प्रगति हुई है। यह योगी सरकार की सफलता का हाल बयां करता है।

    राजनाथ सिंह ने कहा कि यूपी में हो रहा चुनाव बहुत खास है। यह देश का भविष्य तय करेगा। आप लोग साथ देंगे तो यूपी में डबल नहीं, ट्रिपल इंजन की सरकार चलेगी। मोदी का विजन, योगी का मिशन और जनता का पार्टिसिपेशन। कहा कि भाजपा ने जो कहा है, उसे करके दिखाया है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को हमने हटाया। अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण शुरू करवाया। देश की हवा बदल गई है। हम भारत माता का मस्तक नहीं झुकने देंगे। आतंकी घटना में जब हमारे जवान शहीद हुए तो हमने पाकिस्तान के अंदर घुसकर मारा।

    NO COMMENTS

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Exit mobile version