लखनऊ में भाजपा मुख्यालय पर भगवा होली, पार्टी की बड़ी जीत पर पटाखों संग मनी दिवाली

    उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 में भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत के बाद लखनऊ में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय का माहौल ही बदल गया। यहां पर होली से पहले ही सभी रंगों में सरोबार थे।

    भगवा टोपी और अंगौछा डाले राजकुमार कनौजिया शंख फूंके जा रहे हैं। हृदय नारायण शर्मा एक हाथ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दूसरे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पोस्टर लेकर थिरक रहे हैं। ‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे ….’ गीत पर युवा से लेकर वृद्ध भाजपाई थिरक रहे हैं। परिसर में भगवा रंग व गुलाल ठीक उसी तरह फैला है जिस तरह भगवा दल को सीटें हासिल हो रही हें। महिला कार्यकर्ताओं व नेताओं का उत्साह सातवें आसमान पर है।

    विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू होते ही गुरुवार को भाजपा मुख्यालय का पर टेलीविजन व अन्य माध्यमों से जैसे-जैसे भाजपा के पक्ष में रुझान आना शुरू हुए, उसी गति से कार्यालय पर नेताओं व कार्यकर्ताओं के कदम बढ़ चले। हाथों में ध्वज थामे जयकारे लगाते पहुंचे कार्यकर्ताओं की पोशाक भी देखते बनी। पूर्वान्ह में ही जैसे ही रुझानों में भाजपा ने बहुमत हासिल किया, नारेबाजी तेज होती गई। उत्साही पार्टी कार्यालय की छत पर पहुंचकर पार्टी का झंडा लहराने लगे। लड्डू बंटने के साथ ही ढोल-ताशे बजने लगे। भगवा रंग व गुलाल एक-दूसरे को लगाकर मानों आठ दिन पहले ही होली मन गई।

    इसी बीच बुलडोजर का प्रबंध हुआ और कार्यकर्ताओं ने उस पर चढ़कर मोदी-योगी जिंदाबाद के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय के दोनों गेटों के सामने अनार जलाए व पटाखे भी फोड़े। इसी भीड़ में अमेठी के अनूपसिंह योगी की फोटो लेकर नारे लगाते रहे कि आएंगे तो योगी ही ..। कार्यालय पर आ रही उत्साही भीड़ में बालिका अनन्या उर्फ दिव्या चौधरी ने सभी का ध्यान खींचा। वे मुख्यमंत्री योगी की तरह सिर मुंडवाए और भगवा कुर्ता पहनकर छोटे-छोटे कदमों से अंदर आ रही थी, उनके हाथ में खिलौने वाला बुलडोजर था। उन्हें सभी ने हाथोंहाथ लिया और पूरे जोश में नारेबाजी शुरू हो गई। इसी बीच व्यापारी नेता संदीप बंसल मिठाई का डिब्बा लेकर सैंकड़ों व्यापारियों के साथ पहुंचे। लखनऊ के संजय मिश्र हाथ में मोदी है तो मुमकिन है और योगी है तो यकीन है का पोस्टर लहरा रहे थे। मीडिया केंद्र पर पत्रकारों की भीड़ नेताओं को बधाई दे रही थी। वहीं, भाजपा के प्रदेश संगठनमंत्री सुनील बंसल भी कुछ घंटे बाद कार्यालय से बाहर आए तो कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक जोरदार नारेबाजी की। पार्टी कार्यालय के आसपास चौपहिया व दुपहिया वाहनों से पटा रहा।

    NO COMMENTS

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Exit mobile version