मैनपुरी से अखिलेश यादव के चुनाव लड़ने के सवाल को टाल गए चाचा शिवपाल, कहा- चुनाव के वक्त देखेंगे

    उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में सपा के किशनी विधानसभा अध्यक्ष रहे जगराम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी बढ़ गई है। सरकार भ्रष्टाचार को नहीं रोक पा रही। आम जनता महंगाई और भ्रष्टाचार से बेहद परेशान है। प्रसपा नगर निकाय चुनाव को पूरी ताकत से लड़ेगी। सभी जिला इकाईयां इसकी तैयारियां भी कर रही हैं।

    प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मैनपुरी सीट को लेकर फिर कहा कि नेताजी स्वस्थ रहें और वे ही चुनाव लड़ें। उन्हें फिर से जिताएंगे। नेताजी के रहते वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। लेकिन जब उनसे ये पूछा गया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मैनपुरी से चुनाव लड़ते हैं तो वे क्या करेंगे। इस सवाल को उन्होंने टाल दिया और कहा कि जब चुनाव के 6 महीने रह जाएंगे तब इस बात का फैसला किया जाएगा। लेकिन प्रसपा 2024 के चुनाव में सत्ता के साथ रहेगी। उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें नहीं पता है कि उनकी पार्टी का गठबंधन किसके साथ होगा। अभी प्रदेश में उनका संगठन खड़ा हो गया है। अभी निकाय चुनाव लड़ेंगे। इस दौरान प्रसपा नेता किशन दुबे भी मौजूद रहे।

    गौरतलब है कि हाल ही में शिवपाल यादव समाजवादी पार्टी से अलग हुए हैं। पिछले दिनों उन्होंने कहा था कि समाजवादी पार्टी ने उन्हें तीन बार धोखा दिया है और अब वो वापस मुड़कर सपा में नहीं जाएंगे। हाल ही में शिवपाल यादव ने ‘यदुकुल पुनर्जागरण मिशन’ शुरू करने का ऐलान भी किया था। माना जा रहा है कि ये कवायद सपा वोटबैंक में सेंध लगाने के लिए ही है।

    NO COMMENTS

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Exit mobile version