विधायकों के ‘कांग्रेस छोड़ो, BJP को जोड़ो’ अभियान पर पार्टी बोली- सफर में धूप तो होगी; AAP ने कहा- RIP

    गोवा में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। आठ विधायकों ने पार्टी छोड़ दी और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) खेमे में अपने गुट का विलय कर लिया। अब कांग्रेस के पास यहां सिर्फ तीन विधायक ही शेष बचे हैं। इस बीच कांग्रेस पार्टी के नेता पवन खेड़ा ने निदा फाजली की एक कविता का सहारा लेते हुए इसे बीजेपी का ‘ऑपरेशन कीचड़’ करार दिया है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने भी इसको लेकर तंज कसा है।

    पवन खेड़ा ट्विटर पर लिखते हैं, ”सुना है भारत जोड़ो यात्रा से बौखलाई भाजपा ने गोवा में ऑपरेशन कीचड़ आयोजित किया है।” इसी ट्वीट में खेड़ा निदा फाजली की एक कविता शेयर करते हैं- सफ़र में धूप तो होगी जो चल सको तो चलो… कांग्रेस नेता आगे कहते हैं, ”जो भारत जोड़ने के इस कठिन सफ़र में साथ नहीं दे पा रहे, वो भाजपा की धमकियों से डरकर तोड़ने वालों के पास जाएं तो यह भी समझ लें कि भारत देख रहा है।”

    कांग्रेस छोड़ने पर माइकल लोबो ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के हाथों को मजबूत करने के लिए हमने भाजपा जॉइन किया है।’ उन्होंने ‘कांग्रेस छोड़ो और बीजेपी को जोड़ो’ का भी नारा दिया है।

    आपको बता दें कि कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक की भारत जोड़ो यात्रा के बीच कांग्रेस विधायकों ने भाजपा का दामन थामा है। 40 सदस्यी गोवा विधानसभा में देश की सबसे पुरानी पार्टी के लिए यह बड़ा झटका है। गोवा में कांग्रेस के 11 विधायक थे। अब सिर्फ तीन ही रह गए हैं।

    भाजपा और आम आदमी पार्टी को कांग्रेस की दुखती रग पर तंज कसने का मौका मिल गया है। बीजेपी प्रवक्ता अमित मालवीय ने कहा, ‘राहुल गांधी को कांग्रेस को बचाने पर ध्यान देना चाहिए। राहुल गांधी जब सड़क पर हैं तो कांग्रेस के 8 विधायकों ने पार्टी छोड़ने का फैसला किया। इससे पता चलता है कि वह पार्टी से कितने जुड़े हुए हैं। देश में कई राज्य ऐसे हैं जहां कांग्रेस के एक भी विधायक नहीं हैं।’

    वहीं, आम आदी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने ट्वीट कर कहा, ‘ऑपरेशन लोटस पंजाब और दिल्ली में फेल हो गया, लेकिन गोवा में सफल रहा। ऐसा क्यों हुआ? ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि अगर आप कांग्रेस के लिए वोट करते हैं तो आप भविष्य का भाजपा विधायक चुनते हैं। कांग्रेस खत्म हो चुकी है। RIP’

    NO COMMENTS

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Exit mobile version