Home खास खबर रौशन आनंद के भाई की मौत पर सियासत गर्म, तेजस्वी यादव ने...

रौशन आनंद के भाई की मौत पर सियासत गर्म, तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी को लिखा पत्र; CBI जांच की मांग

बिहार की राजधानी पटना में दो प्रमुख कोचिंग संस्थानों के बीच चले विवाद ने एक दुखद और गंभीर मोड़ ले लिया है। ज्ञान बिंदु एकेडमी के संचालक रोशन आनंद सर के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मामले में विपक्ष के नेता और राजद प्रमुख तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सीबीआई जांच की मांग की है।

तेजस्वी यादव ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर पत्र को सार्वजनिक करते हुए लिखा कि विगत दिनों बिहार की राजधानी स्थित दो कोचिंग संस्थानों के आपसी विवाद उपरांत कथित रूप से मारपीट, तोड़फोड़ एवं गोलीबारी की घटना घटित हुई और दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए।

उन्होंने कहा कि कोचिंग संचालक रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदेहास्पद स्थिति में नेपाल में मृत्यु होने की खबर फैलने के बाद यह मामला और गंभीर हो चुका है। इस मामले में सरकार और राज्य पुलिस की कार्यशैली व निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

सीबीआई जांच की मांग

तेजस्वी ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि जनभावना को देखते हुए मामले को सीबीआई को सौंप दिया जाए, ताकि निष्पक्ष, प्रभावी और गहन जांच हो सके तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इससे पहले उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि रौशन आनंद के परिवार के साथ उनकी पूरी संवेदना है। उन्होंने कहा कि हत्या हुई है या नहीं ये जांच के विषय है, लेकिन शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह की वारदात होना, गोलियां चलना और हत्या होना दुख का विषय है। ऐसे में सरकार संदिग्ध की भूमिका में नजर आती है।

उन्होंने कहा कि यह अंतराष्ट्रीय मामला है। भारत सरकार और राज्य सरकार को मिलकर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और जो दोषी हो उस पर कार्रवाई की जाए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version